ब्रश एंड क्लीनिंग प्रोडक्ट्स एसोसिएशन : ब्रश उद्योग ने उठाई कर सुधार की मांग, ओडीओपी में शामिल करने को बना रोडमैप
Pragya News 24
Mon, Jul 27, 2026
आगरा। ब्रश एंड क्लीनिंग प्रोडक्ट्स एसोसिएशन के प्रथम स्थापना दिवस समारोह में उद्योग हितों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई। फतेहाबाद रोड स्थित ग्रैंड मर्करी होटल में आयोजित समारोह में उद्योग को एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना में शामिल करने तथा टूथब्रश की तर्ज पर अन्य ब्रशों पर भी 5 प्रतिशत जीएसटी लागू करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, संयुक्त आयुक्त उद्योग अनुज कुमार, लघु उद्योग भारती के प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल रावी, आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल तथा नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के अध्यक्ष मनोज बंसल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि राकेश गर्ग ने कहा कि आगरा का ब्रश एंड क्लीनिंग प्रोडक्ट्स उद्योग गुणवत्ता और नवाचार के दम पर वैश्विक बाजार में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि उद्योग ने निर्यात के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करते हुए चीन के वर्चस्व को चुनौती दी है और भविष्य में रोजगार सृजन तथा निर्यात वृद्धि में इसकी भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण होगी।
लघु उद्योग भारती के प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल रावी ने कहा कि क्लस्टर मॉडल पर कार्य करने से यह उद्योग राष्ट्रीय ही नहीं, वैश्विक स्तर पर भी नई पहचान स्थापित कर सकता है। उन्होंने बताया कि उद्योग को ओडीओपी योजना में शामिल कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
संयुक्त आयुक्त उद्योग अनुज कुमार ने उद्योग जगत को हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि विभाग उद्योगों की समस्याओं के समाधान और विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के अध्यक्ष मनोज बंसल ने कहा कि उद्योग की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने के लिए कर व्यवस्था में व्यावहारिक सुधार आवश्यक हैं।
संस्था के अध्यक्ष अमित मोरियानी ने कहा कि ब्रश एंड क्लीनिंग प्रोडक्ट्स उद्योग देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने बताया कि उद्योग को ओडीओपी में शामिल कराने और जियो टैगिंग कराने की मांग को लेकर सोमवार को संयुक्त आयुक्त उद्योग के मार्गदर्शन में प्रतिनिधिमंडल कानपुर में औद्योगिक सचिव से भेंट करेगा।
संस्था के सचिव नितिन कुमार अग्रवाल ने कहा कि केंद्र सरकार से लंबे समय से बाथरूम ब्रश के एचएसएन कोड पर जीएसटी दर 5 प्रतिशत किए जाने की मांग की जा रही है। उन्होंने कहा कि टूथब्रश पर जीएसटी 18 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत किए जाने के बाद अब बालों, शेविंग एवं सफाई में उपयोग होने वाले अन्य ब्रशों पर भी उत्पाद श्रेणी के अनुसार 5 प्रतिशत जीएसटी लागू किया जाना चाहिए। इससे एमएसएमई इकाइयों को प्रोत्साहन मिलेगा, उत्पादन और निर्यात बढ़ेगा तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने बताया कि हाल ही में ताज ट्रेपेजियम ज़ोन (टीटीजेड) में राहत प्राप्त 400 उद्योगों में 13 ब्रश एंड क्लीनिंग प्रोडक्ट्स उद्योग शामिल हैं, जो इस क्षेत्र के लिए उत्साहवर्धक उपलब्धि है।
कार्यक्रम के दौरान सह कोषाध्यक्ष अंकित अग्रवाल ने संस्था की वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया। वहीं आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने 16 अगस्त को आयोजित होने वाले चतुर्थ विशाल रक्तदान शिविर में सहभागिता का आह्वान किया। इस अवसर पर संस्था की ओर से रक्तदान अभियान के समर्थन में 51 हजार रुपये की सहयोग राशि तथा 500 रक्तदान पंजीकरण प्रपत्र आगरा व्यापार मंडल को सौंपे गए।
समारोह में आगरा सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष नितेश अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, राजीव गुप्ता, दुष्यंत गर्ग, राजेंद्र गुप्ता सहित संस्था के अनेक पदाधिकारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नितिन कुमार अग्रवाल, सचिन अग्रवाल एवं लव कपूर ने संयुक्त रूप से किया।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन