: आगरा में केंद्रीय मंत्री और विधायक के लापता होने के लगे बैनर
Mon, Oct 2, 2023
Agra. चुनाव के दौरान प्रत्याशी के रूप में पहुंचे जन प्रतिनिधियों ने विकास के नाम पर वोट मांगे। वोट लिया लेकिन जीतने के बाद मुड़कर उसे क्षेत्र में नहीं देखा। अब यहां के लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। कई बार जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाने के बाद भी क्षेत्र की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो अब छावनी विधानसभा क्षेत्र में विधायक डॉ जीएस धर्मेश और वर्तमान में सांसद व केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल के लापता होने के बैनर लगा दिए गए।
मामला वार्ड एक से जुड़ा हुआ है। छावनी विधानसभा क्षेत्र के वार्ड एक में काजीपाड़ा, स्वरूप नगर, कटरा गडरियान, सुनार वाली गली, सब्जी मंडी, पानी वाली गली में क्षेत्रीय लोग मूलभूत समस्याओं का समाधान न होने से काफी व्यथित नजर आ रहे हैं। इन समस्याओं के चलते उन्हें नारकीय जीवन जीने को मजबूर होना पड़ रहा है। टूटी-फूटी सड़कों के चलते आए दिन कोई ना कोई हादसा हो जाता है तो वहीँ उफनते सीवर उनके लिए बड़ी मुश्किल बन गए हैं। इसलिए जनता ने स्थानीय सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल और छावनी विधायक डॉ. जीएस धर्मेश के लापता होने के पोस्टर, बैनर चस्पा कर दिए।
यह लिखा है बैनर पर
बैनर पर "गलियां, खरंजे, पुलिया, सीवर, पड़े हैं ध्वस्त, सांसद विधायक रंगारंग कार्यक्रम में मस्त," "हमारी भूल, कमल का फूल", पानी, टूटी नालियां, खरंजे, सड़कें, उड़ती धूल जैसे स्लोगन लिखे हुए हैं। ये बैनर, पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि काजीपाड़ा, स्वरूप नगर, कटरा गड़रियान, सुनार वाली गली, सब्जी मंडी, पानी वाली गली की सड़कें क्षतिग्रस्त पड़ी हुईं हैं। पानी सड़कों पर फैला रहता है। सड़कें खुदी होने के कारण बड़े बुजुर्ग, बच्चे गिर कर चोटिल हो रहे हैं। लोगों ने कई बार शासन-प्रशासन को ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
विधायक ने कहा - तुमने मुझे वोट नहीं दिए
वार्ड एक की पार्षद मीना देवी का कहना है कि क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर कई बार मेयर हेमलता दिवाकर और नगर आयुक्त लिखित में ज्ञापन दिए जा चुके हैं। पार्षद ने क्षेत्रीय लोगों के साथ विगत 28 सितंबर को छावनी विधायक डा जीएस धर्मेश से मुलाकात कर समस्या को बताया। उनका आरोप है कि विधायक ने साफ मना कर दिया कि यह मेरे क्षेत्र का मामला नहीं है। नगर निगम जाओ, मेयर से बात करो। वह समस्या सुनने से पहले ही कह देते हैं कि तुम लोगों ने मुझे वोट नहीं दिए।
: हाथी घाट पर चला सफाई का महाअभियान, नगर विकास मंत्री ने की सफ़ाई
Sun, Oct 1, 2023
Agra. महात्मा गांधी की जयंती के उपलक्ष्य में भारत सरकार की ओर से चलाए जा रहे स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के अंर्तगत आज यमुना किनारे हाथी घाट पर महासफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान में मुख्य अतिथि के रूप में आगरा के प्रभारी मंत्री एके शर्मा पहुँचे। नगर निगम की पूरी टीम व समाजसेवी संगठनों के साथ मिलकर प्रभारी मंत्री ने अपने हाथों में झाड़ू थामा और यमुना घाट की सफाई में जुट गए।
सभी ने मिलकर किया श्रमदान
आपकों बताते चले कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के उपलक्ष्य में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े का आयोजन किया का रहा है जिसका समापन 2 अक्टूबर को होगा लेकिन पीएम नरेंद्र मोदी ने सभी देशवासियों को आव्हान किया था कि एक अक्टूबर को सभी लोग एक घंटे का श्रमदान कर देश को स्वच्छ बनाने में सहयोग करें। आज प्रभारी मंत्री ने यमुना घाट पर फावड़ा चलाकर गंदगी को हटाया तो वहीँ लोगों ने तसले में कूड़ा कचरा भरकर एक स्थान पर फेंका। श्रमदान अभियान में शामिल होकर सभी काफी उत्साहित नजर आए।
नदी बनेगी निर्मल
प्रभारी मंत्री का कहना था कि लोगों में जागरूकता लाने के लिए इस पखवाड़े की शुरूआत की गई थी। जिससें लोग राष्ट्र निर्माण के साथ साथ उसे स्वच्छ रखने में सहयोग करे। आज यमुना घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। इससे यमुना घाट तो स्वच्छ हुआ ही वहीँ यमुना भी स्वच्छ व निर्मल बनेगी।
: पूर्व महापौर से एक व्यक्ति ने की अभद्रता, मारपीट तक पहुंची नौबत
Sat, Sep 30, 2023
Agra. पुलिस आयुक्त कार्यालय के बाहर निकलते ही भाजपा के पूर्व महापौर इंद्रजीत आर्य के साथ समाज के ही एक व्यक्ति ने अभद्रता कर दी। दोनों ओर से गरमा गर्मी हुई तो समाज के लोग बीच में आये और युवक को समझा बुझाकर शांत किया। इस पूरे मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो के सामने आने के बाद वाल्मीकि समाज मे हड़कंप मचा हुआ है।
पूरा मामला वाल्मीकि जन्मोत्सव शोभायात्रा को लेकर चल रही खींचतान से जुड़ा हुआ है। इस महोत्सव को लेकर वाल्मीकि सामाज में दो फाड़ हो चुके हैं। इस माहौल के बीच वाल्मीकि समाज के लोग पुलिस आयुक्त से मिलने के लिए उनके कार्यकाल पहुँचे। पुलिस अधिकारी से मुलाकात के बाद जैसे ही बाहर निकले तो पूर्व महापौर और समाज के ही एक युवक के बीच टकराव बढ़ गया। युवक ने पूर्व महापौर से अभद्रता कर दी तो स्थिति मारपीट तक पहुँच गयी।
इस बीच उनके साथ मौजूद समाज के लोग दोनों के बीच मे आये और दोनों को अलग कर स्थिति को संभाला। जानकारी के मुताबिक दोनों के बीच राजीनामा कराने के लिए देर रात तक वाल्मीकि महापंचायत के अध्यक्ष मानसिंह के आवास पर प्रयास चलते रहे।