: इस्कॉन मंदिर में आयोजित किया गया श्रीराम नवमी महोत्सव
Thu, Apr 18, 2024
पंचामृत व पंचगव्य से हुआ राम दरबार का अभिषेक
आगरा। आज श्रीजगननाथ मंदिर राममय था। मृदंग और मंजीरों संग कीर्तन व श्रीराम के जयकारों संग श्रीराम के डोले के साथ सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मंदिर की परिक्रमा लगाई। राम कथा के साथ राम नाम संकीर्तन की धुन में भक्तजन मगन थे। श्रीराम नवमी के उपलक्ष्य में श्रीराम नवमी महोत्सव का योजन किया गया। फूलों से महकते मंदिर में श्रीजगन्नाथ भगवान, बहन सुभद्रा और बाई बलराम संग सुर्ख लाल वस्त्रों में सुसज्जित थे। श्रीराम का माता सीता व लक्ष्मण और बजरंग बलि संग पंचगव्य व पंचामृत से अभिषेक किया गया।
कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) में आज राम नवमी के उपलक्ष्य में भव्य आयोजन किया गया। जगमग रोशनी और पुष्पों से सजे मंदिर में हर श्रद्धालु आज श्रीराम की भक्ति में डूबा था। इस्कॉन आगरा के अध्यक्ष अरविन्द स्वरूप में कथा में आज भरत चरित्र का वर्णन करते हुए कहा कि आज यदि भरत की विनम्रता, त्याग और भाई के प्रति प्रेम की भावना को अपना लें तो हर घर से लड़ाई-झगड़े खत्म हो जाएं। भरत ने धन और राजगद्दी से पहले सम्बंधों को महत्व महत्व दिया। श्रीराम के अभिषेक के बाद उनका श्रंगार कर आरती की गई।
इस अवसर पर मुख्य रूप से शैलेन्द्र अग्रवाल, राहुल बंसल, आशु मित्तल, कान्ता प्रसाद अग्रवाल, विपिन अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, राजीव मल्होत्रा, सूरज प्रभु, नीलेश गुप्ता, अनुल गुप्ता, ललित माधव प्रभु, शम्भू प्रभु, नितेश प्रभु आदि उपस्थित थे।
: वन दुर्गा उत्सव पर हुआ छठवें विशाल भंडारे का आयोजन
Thu, Apr 18, 2024
आदि शक्ति समिति द्वारा कन्या लांगुर का पूजन कर किया भंडारे का आयोजन
मां दुर्गा के भजनों पर खूब झूमे श्रद्धालू
आगरा। आदि शक्ति समिति द्वारा नव दुर्गा उत्सव के मौके पर हरीपर्वत चैराहे पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। प्रातः मां दुर्गा विधि विधान के साथ पूजन किया गया। कन्या लागुरों के रूप में आयोजन स्थल पर मौजूद बच्चों का पूजन कर भोजन कराया गया। उन्हें उपहार प्रदान किए। दिन भर आयोजन स्थल पर मां दुर्गा के भजन गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के भजन भी गाए। संध्या काल में मां दुर्गा की आरती कर भंडारे का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से संस्थापक राहुल अग्रवाल, अध्यक्ष अवि गोयल, कान्ता प्रसाद अग्रवाल, मुरारी प्रसाद अग्रवाल, अजय गोयल, कोषाध्यक्ष बंटी अग्रवाल, महामंत्री अभिषेक, संजय अग्रवाल, मीना अग्रवाल, सीमा गोयल, पवन भदौरिया, अनुराग, हनी, दामिनी अग्रवाल, पवन कुशवाह, विनय यादव, मोहित गोयल, वंदना मेढतवाल आदि उपस्थित थे।
: HOHO बसों का संचालन बंद होने से आगरा कमिश्नर नाराज़, कंपनी को ब्लैक लिस्ट करने के दिये निर्देश
Wed, Apr 17, 2024
आगरा 16 अप्रैल। आज मंगलवार को मण्डलायुक्त रितु माहेश्वरी की अध्यक्षता में आगरा-मथुरा इलैक्ट्रिक बस सेवा के संबंध में समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। आगरा परिपेक्ष्य में अवगत कराया गया कि 100 बसों का संचालन हो रहा है। लोकल टूरिज्म के दृष्टिगत जनवरी माह से चलायी गयी 5 होप ऑन होप ऑफ बसों में बुकिंग में लगातार गिरावट आने पर मार्च माह में इन होहो बसों का संचालन बंद कर दिया गया है। होहो बसों के संचालन बंद होने पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई और संबंधित कंपनी को ब्लैक लिस्ट में डालने तथा मेट्रो या अन्य विभागों के समन्वय से इन बसों के चलाये जाने के निर्देश दिए। मथुरा में होहो बसों का संचालन जारी है लेकिन जागरूकता के अभाव में होहो बुकिंग में लगातार गिरावट आ रही है। इस पर मंडलायुक्त महोदया ने नाराजगी जतायी। मथुरा में आने वाले पर्यटकों को होहो बसों के प्रति जागरूकता बनाने के लिए गंभीरता से काम करने एवं पर्याप्त प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिए।
ई बसों में ईटीएम मशीनों से क्यू आर कोड के माध्यम से ऑनलाइन टिकट बुकिंग अर्बन ट्रांसपोर्टेशन से स्वीकृति आने के बाद ही शुरू हो सकेगी। क्यू आर कोड को 'मेरा आगरा' सिटी एप से एकीकृत करने के निर्देश दिए। वहीं वन यूपी वन कार्ड (डिजीटल पैमेन्ट कार्ड) को लेकर अवगत कराया गया कि मार्च माह तक कुल 1277 कार्ड की बिक्री हो चुकी है। जिससे लगभग 5.50 लाख का रिचार्ज कर 17714 टिकट निर्गत किए जा चुके हैं। डिजीटल पैमेन्ट को और प्रभावी बनाने के लिए लगातार कैंप चलाकर और ई बसों में भी यात्रियों को इसके प्रति जागरूक बनाते हुए इसी अप्रैल माह में लगभग 8 से 9 हजार कार्ड बिक्री का लक्ष्य प्राप्ति करने का निर्देश दिया गया। जबकि मथुरा में लगभग 3 हजार कार्ड बिक्री का लक्ष्य दिया गया।
फतेहाबाद रोड़ और एमजी रोड़ पर अनुबंधित कंपनी द्वारा 20 यात्री शेल्टर बनाये जाने थे जिसमें से 12 शेल्टर बनाये जा चुके हैं जबकि शेष शेल्टर बनाने से अनुबंधित कंपनी द्वारा मना कर दिया गया है। जिसके लिए कंपनी को ब्लैक लिस्ट में डालने हेतु नोटिस भेजा चुका है। मंडलायुक्त द्वारा अनुबंधित कंपनी को ब्लैक लिस्ट करने के निर्देश देते हुए कहा गया कि बन चुके 12 शेल्टरों को पूर्ण तरीके से क्रियाशील बनाते हुए बस के रूट वाइज टाइम टेबल का स्टेटिक चार्ट/बोर्ड लगाया जाए। शेष शेल्टरों का निर्माण स्मार्ट सिटी/नगर निगम द्वारा कराया जाए। मथुरा में 18 यात्री शेल्टर बनाये गये हैं। इन शेल्टरों को भी पूर्ण क्रियाशील बनाकर ई बस का रूट-टाइम टेबल बोर्ड लगाने तथा शेल्टरों पर ही ई बसों के रूकने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पर्यटकों की सुविधा हेतु आगरा कैंट से ताजमहल तक बसों का संचालन किया जा रहा है। बेहतर सुविधाएं देने हेतु दो कार्मिकों की तैनाती भी की गयी है लेकिन ई बसें आगरा कैंट रेलवे स्टेशन की पूर्व पार्किंग पर खड़ी न होकर लगभग 500 मीटर दूर पहले ही खड़ी होती हैं जिससे पर्यटकों को अपने सामान के साथ काफी पैदल चलना पड़ता है। बैठक में मौजूद एसीपी ट्रैफिक को निर्देश देते हुए इस समस्या का निराकरण कराते हुए रेलवे स्टेशन पर पूर्व की पार्किंग से ही बसों का संचालन करने के निर्देश दिए गये। आगरा एयरपोर्ट पर 3 ई बसों का संचालन हो रहा है। पहले आगरा एयरपोर्ट पर प्रतिदिन 9 फ्लाइट होती थीं लेकिन अब सिर्फ 3 फ्लाइट ही होती हैं जिससे ई बसों की आय में गिरावट आ रही है। इसे लेकर आगरा एयरपोर्ट पर सिर्फ 2 बसों का संचालन करने एवं भविष्य में आवश्यकतानुसार बढ़ाने के निर्देश दिए।
ई बसों से प्राप्त होने वाली आय की समीक्षा के दौरान अवगत कराया गया कि प्रदेश की समस्त ई बस डिपो के सापेक्ष जनवरी 2024 माह में आगरा का सकल घाटा सबसे कम दूसरे स्थान पर है। वहीं लोडफैक्टर अर्जित करने में आगरा पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। अक्टूबर 2023 से मार्च 2024 तक अब तक कुल 274 यात्री बेटिकट पकड़े गये हैं। इस प्रकरण में परिचालकों पर दण्डात्मक कार्यवाही करते हुए 10.58 लाख जुर्माना वसूला गया है। अवैध रूप से चल रहे ऑटो/रिक्शा के खिलाफ कार्यवाही को लेकर एसीपी ट्रैफिक द्वारा अवगत कराया गया कि अनाधिकृत एवं अवैध रूप से चल रहे वाहनों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। गत माह में 300 से भी ज्यादा वाहनों को सीज किया जा चुका है। नगर निगम के सहयोग से सड़कों के किनारे हो रहे अतिक्रमण को हटाने और थाना पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर अनाधिकृत वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया। बेहतर नगरीय ई बस संचालन हेतु विभिन्न मार्गों पर ई बसों का किराया ऑटो/रिक्शा के समतुल्य किये जाने के निर्देश दिए।