: कमला नगर मैन मार्केट में कपड़े के शोरूम में लगी आग
Wed, May 15, 2024
Agra. थाना कमला नगर के में मार्केट में कपड़ों की एक शोरूम में अचानक से आग लग गई। शोरूम में आग लगने से अफरा तफरी मच गई और आसपास की दुकान भी खाली हो गई। इस घटना की सूचना तुरंत पुलिस और फायर विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां और पुलिस मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मचारियों ने मोर्चा संभाला और बमुश्किल आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद व्यापारी ने राहत की सांस ली लेकिन तब तक लाखों रुपए का नुकसान हो चुका था।
पूरा मामला थाना कमला नगर क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। कमला नगर में मार्केट में डिकोड नाम से कपड़ों का शोरूम है। जानकारी के मुताबिक इस शोरूम को जब सुबह खोलकर शोरूम की लाइट ऑन की, तभी अचानक से शॉर्ट सर्किट हुआ और दुकान में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग कहीं अन्य दुकानों में ना पहुंच जाए इसको लेकर अन्य दुकानदारों में भगदड़ मच गई और दुकानों से सामान बाहर निकालने लगे। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मचारियों ने मोर्चा संभाला और बमुश्किल और घटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
: मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी ने किया शहर का निरीक्षण, यमुना तलहटी में लगी आग की घटना पर लिया संज्ञान
Wed, May 15, 2024
आगरा. 14/05/2024. मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी ने आज मंगलवार को नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन, शौचालय, ई बस शेल्टर सहित शहर में प्रमुख रूप से कराये जा रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल, अपर नगर आयुक्त सुरेंद्र कुमार, सहायक नगर आयुक्त अशोक गौतम सहित अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, जेडएसओ आदि मौजूद रहे। सर्वप्रथम मंडलायुक्त ने फतेहाबाद रोड़ स्थित बाबू जगजीवन राम चौराहा और ताज व्यू चौराहा पर ई बस शेल्टर का निरीक्षण किया। अवगत कराया गया कि एमजी रोड़ और फतेहाबाद रोड़ पर बने कुल 13 शेल्टर पर बस रूट-टाइम डिस्प्ले बोर्ड लगाए जा रहे हैं। हिंदी व अंग्रेजी दोनों भाषाओं में डिस्प्ले बोर्ड लगाने के साथ ही एक सप्ताह में सभी शेल्टरों को क्रियाशील बनाये जाने के निर्देश दिये।
ताज पूर्वी गेट पर बने सार्वजनिक सुलभ शौचालय का निरीक्षण किया। सभी व्यवस्थाएँ दुरुस्त मिलीं। प्रतिदिन शौचालय का प्रयोग करने वाले एवं स्टाफ की उपस्थिति से संबंधित रजिस्टर की जाँच की। नगर निगम के पुराने शौचालय के जीर्ण-शीर्ण हो चुकी दीवार के जीर्णोद्धार कराने एवं शौचालय का नियमित रखरखाव के निर्देश दिये। ताजनगरी फेस 2 में निर्माणाधीन शहर के सबसे बड़े ट्रांसफर स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान रोशन नगर के निवासियों ने ताजगंज वार्ड में सफ़ाई न होने, पार्क में अवैध कब्जे व सड़कें टूटी-फूटी होने की समस्यायें रखीं। मंडलायुक्त महोदया ने सम्बन्धित सुपरवाइजर की जिम्मेदारी तय करने तथा समुचित सफाई न होने पर संबंधित सफाई निरीक्षक एवं सुपरवाइजर को चेतावनी जारी करने के निर्देश देते हुए कहा कि ट्रांसफर स्टेशन के आस पास और कॉलोनी में समुचित साफ़-सफाई की जाए, अवैध अतिक्रमण हटाएं जाएं तथा सड़क व इंटरलॉकिंग निर्माण हेतु एस्टिमेट तैयार किया जाए।
यमुना तलहटी में आग लगने पर सिंचाई विभाग को नोटिस
यमुना किनारे हाथी घाट पर चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण किया। प्लांटेशन, स्कल्पचर व फ़साड लाइटिंग से घाट का सौंदर्यीकरण किया जायेगा। फूल-माला एवं प्रसाद की सभी दुकानों को नगर निगम द्वारा तैयार किये गए वेंडिंग जोन में शिफ्ट किया गया है। वेंडिंग जोन के पास में ही अवैध कब्जा कर वहाँ रह रहे लोगों को शिफ्ट करने व अवैध कब्जा हटाने को कहा। निरीक्षण के दौरान विगत शनिवार को यमुना तलहटी की झाड़ियों में लगी आग की घटना को संज्ञान में लिया। आग लगने की घटना में उचित कार्यवाही किये जाने हेतु नगरायुक्त महोदया को सिंचाई विभाग को नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। साथ ही इस घटना की पुनरावृत्ति ना हो एवं असमाजिक तत्वों को यमुना नदी की तरफ जाने से रोकने के उपयुक्त इंतजाम हेतु सिंचाई विभाग एवं नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिये।
मनकामेश्वर मँदिर और उसके आस-पास चल रहे कॉरिडोर निर्माण का निरीक्षण किया। अवगत कराया गया कि श्रद्धालुओं के आने जाने की सुविधा एवं भीड़ को नियंत्रित करने हेतु मनकामेश्वर की गलियों को कॉरिडोर रास्ते के रूप में तैयार किया जा रहा है। इसके बनने के बाद हवा में लटके व झूलते विद्युत तार अंडरग्राउंड हो जाएंगे, खुली नालियां ढक दी जायेंगी। पूरे मार्ग पर शेल्टर लगाए जाएंगे। मनकामेश्वर बाजार से लेकर यमुना किनारा की तरफ जाने वाले पूरे मार्ग का जीर्णोद्धार एवं तिकोनिया पार्क का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए एक महिला-पुरुष शौचालय बनाने हेतु जगह चिन्हित करने एवं मनकामेश्वर मँदिर कॉरिडोर का कार्य जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिये। वहीं क्षेत्रीय पार्षदों द्वारा अवगत कराया गया कि मंदिर से प्रतिदिन फूल मालाओं के रूप में कूड़ा कर कर एकत्रित हो जाता है। इसके निस्तारण हेतु नगरायुक्त महोदय को फ्लावर तो कंपोस्ट प्लांट से कूड़ा प्रोसेसिंग कराने के निर्देश दिये।
हरीपर्वत चौराहा पर निर्माणाधीन एवं स्पीड कलर लैब के पास बने सुलभ शौचालय का निरीक्षण किया। शिकायत पंजिका की जाँच की। दर्ज कराई गयी शिकायतों के निश्चित समयाविधि में निराकरण कराने एवं पानी-सफाई की व्यवस्था बनाये रखने को कहा। इसके अलावा सभी शौचालयों में फीडबैक मशीन व क्यूआर कोड लगाने के निर्देश दिये। अवगत कराया गया कि नगर निगम द्वारा पूरे शहर में 40 शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है। जिसमें से 11 शौचालय सुलभ इंटरनेशनल संस्था द्वारा बनाए जा रहे हैं। वर्तमान में 7 शौचालय क्रियाशील है। शेष 4 शौचालयों का कार्य जल्द पूर्ण हो जायेगा। शेष सभी शौचालय BOT के अंतर्गत बनाये जा रहे हैं। मंडलायुक्त महोदया ने एक महीने में सभी निर्माणाधीन शौचालयों का निर्माण कार्य जल्द पूर्ण करने अन्यथा की स्थिति में संबंधित संस्था को ब्लैक लिस्ट किए जाने के निर्देश दिए।
नगर निगम की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। मंडलायुक्त महोदया ने बाग फरजाना, दिल्ली गेट और शास्त्रीपुरम में स्थानीय निवासियों से बात की। क्षेत्र में झाड़ू लगने, नालियों की सफाई और डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन गाड़ी को लेकर सवाल पूछे। बाग फरजाना क्षेत्र में सभी घरों में स्कैनर आईडी लगा दी गयीं हैं। यहाँ के निवासियों ने बताया कि डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन की गाड़ियां रोज आ रही है लेकिन नालियों की सफाई नहीं हो रही है। नालियाँ चौक पाई गयीं। मौके पर मौजूद पूर्व पार्षद संजय राय द्वारा अवगत कराया गया कि कूड़ा कलेक्शन करने वाली गाड़ियों में सूखा व गीला कूड़ा अलग-अलग एकत्रित नहीं किया जा रहा है। मंडलायुक्त द्वारा नाराज़गी व्यक्त की गयी। नालियाँ चौक होने पर संबंधित सफाई निरीक्षक/ सुपरवाइजर को चेतावनी जारी करने तथा सभी वार्डों में प्रत्येक घरों से सूखा व गीला कूड़ा एकत्रित किये जाने के निर्देश दिये। वहीं शास्त्रीपुरम निवासियों ने बताया कि कूड़ा उठाने वाली गाड़ी रोज आ रही है। पिछले कुछ कुछ महीनो से सड़कों व नालियों की सफाई अच्छी हुई है। लेकिन यहाँ स्कैनर आईडी अभी तक नहीं लगे हैं। सभी घरों में स्कैनर आईडी लगाने की निर्देश दिए गए।
: झूलेलाल सिंधी मेले में सामाजिक एकता और सिंधियत की मजबूती पर जोर
Tue, May 14, 2024
जय झूलेलाल मेले में दूसरे दिन उमड़ा सिंधी समाज का सैलाब
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में रॉकस्टार शुभम नाथानी, एंकर मोहित शेवानी के गीतों ने बांधा समां
प्रभु श्री राम का दरबार और गोवर्धन झांकी ने भक्तों को रिझाया
आगरा। सिंधी जायकों की महक और परंपरा के रंग के लिए कोठी मीना बाजार में जय झूलेलाल मेला आयोजन समिति की ओर से आयोजित दो दिवसीय चतुर्थ विशाल सिंधी मेले के दूसरे दिन सामाजिक एकता और सिंधियत की मजबूती पर जोर दिया गया। सिंधी समाज के मेले में समाज के अपनेपन की सुगंध भी थी और संस्कृति एवं परंपरा को बनाए रखने की सुंदर कोशिश भी। यह कोशिश केवल पारंपरिक व्यंजनों तक ही सीमित नहीं थी बल्कि गीत संगीत के साथ साहित्य और प्रदर्शनी के रूप में भी की जा रही थी। मेले के आखिरी दिन हजारों की संख्या में सिंधी भाषी लोग पहुंचे। मेले में सिंधी सांस्कृतिक कार्यक्रमों को देखने और सुनने के लिए समाज का सैलाब उमड़ पड़ा। भक्ति के साथ सिंधी कला संस्कृति और खान-पान के अनूठे संगम से समाहित दो दिवसीय मेले में युवा पीढ़ी को सिंधियत समझने और बढ़ाने पर जोर दिया गया। बच्चों से लेकर युवाओं और बुजुर्गों ने उत्साह व उमंग के साथ भाग लिया। प्रवेश द्वार पर विराजमान वरुणावतार भगवान झूलेलाल को नमन करते हुए श्रद्धालुओं ने मेले में प्रवेश किया। सिंधी मेले में एक और जहां देवलोक और माता वैष्णो देवी की झांकी थी तो वहीं दूसरी ओर सिंधी गीत और नृत्य का उत्सव हर किसी को लुभा रहा था। सांस्कृतिक कार्यक्रम, सिंधी खान पान के स्टॉल के साथ रॉकस्टार शुभम नथानी और एंकर मोहित शेवानी की मधुर आवाज सिंधी भाषा को प्रोत्साहित करने के साथ सिंधियत को प्रमोट कर रही थी।
मेला कमेटी के महामंत्री प्रदीप बनवारी ने बताया कि मेले सांस्कृतिक आयोजन युवा पीढ़ी को सिंधी विरासत और सभ्यता से रूबरू कराने का सशक्त माध्यम है। इस तरह के आयोजन के माध्यम से समाज के लोग लुप्त होते सिंधी व्यंजनों का स्वाद भी ले रहे हैं और समाज की संस्कृति से रूबरू हो रहे हैं।
मेला मैदान प्रमुख हरीश टहिलानी ने बताया सिंधी समाज कि मेले में सिंधी व्यंजन चटनी डोडो सेअल फुल्का, कढ़ी चावल, दाल पकवान साईं भाजी, मालपुओ जैसे व्यंजन युवाओं को खूब भा रहे हैं।
मेला समिति के सहसंयोजक नरेश लखवानी ने कहा मेले में सिंधी कला, संस्कृति और खान-पान के अनूठे संगम के साथ बच्चों के लिए झूले आकर्षण का केंद्र हैं, तो वहीं दूसरी तरफ माता वैष्णो देवी की झांकी, संत दरबार और सिंधी गीत नृत्य उत्सव युवा पीढ़ी को समाज की संस्कृति से रूबरू करा रहा है। उन्होंने कहा मेले में सिंधी व्यंजनों की महक बिखेरते पारंपरिक पकवानों के साथ सिंधी परिधानों की भी स्टॉल लगाई गई है।
मेला संयोजक सुरेश सीतलानी ने बताया दो दिवसीय मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम झांकियां झूले और खानपान की स्टाल आकर्षण का केंद्र है। आज मेला समापन के अवसर पर समाज की शख्सियतों को सम्मानित भी किया गया है।
इस बार मेले में माता वैष्णो देवी की इको फ्रेंडली गुफा मेले में आने वाले लोगों को लुभा रही है। संत दरबार के साथ देवलोक के दर्शन, गोवर्धन पर्वत की झांकी श्रद्धालुओं में भक्ति भाव दर्शा रही है। युवाओं के साथ महिलाओं और बुजुर्गों में मेले के प्रति बेहद उत्साह है। सिंधी समाज के इस मेले में सिंधी साहित्य की स्टाल के साथ सिंधी संतो की झांकियां और महिला स्वावलंबन महिला सशक्तिकरण को बल देने के लिए समाज की जरूरतमंद महिलाओं के लिए निःशुल्क स्टॉल लगाई गई है।
हेमंत भोजवानी, जयप्रकाश धर्मानी ने संयुक्त रूप से बताया इस मेले को लेकर समाज के लोगों में बेहद उत्साह है और हमारा उद्देश्य सिंधियत को बढ़ावा देने के साथ समाज को एकजुट करना है।
श्री राम मंदिर, गोवर्धन पर्वत की झांकी बनी आकर्षण
झूलेलाल मेले में जूट, बोरी और पत्थरों से तैयार की गई माता वैष्णो देवी की इको फ्रेंडली गुफा के साथ प्रभु श्री राम मंदिर की झांकी, गोवर्धन पर्वत की झांकी की श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से परिक्रमा लगाई।
रॉकस्टार शुभम नथानी और मोहित सेवानी की प्रस्तुति पर झूमे श्रोता
भोपाल से आए रॉकस्टार शुभम नथानी, और मोहित सेवानी की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। सिंधी गीतों के रॉकस्टार की प्रस्तुति पर श्रोता झूमने पर मजबूर हो गए। खाली हाथ आया सी हिम्मत ना हारा सी, आशा पाइया दुनियां पांजी… जैसे गीतों पर हर कोई थिरकता नजर आया। इसके बाद मेले में म्यूजिशियन ने भी अपने कर्तब दिखाकर दर्शकों की जमकर तालियां बटोरीं।
मेले में युवा और महिलाओं में दिखा सिंधियत के प्रति प्रेम
कोठी मीना बाजार में आयोजित सिंधी मेले में आए हुए दर्शकों और श्रद्धालुओं में सिंधी पकवानों की पसंद के साथ सिंधी परिधान भी खूब लुभाये। महिलाओं के साथ युवा अलग-अलग जगह बने सेल्फी पॉइंट पर सेल्फी लेकर बेहद उत्साहित नजर आए।
सिंधी समाज ने लिया समाज की एकजुटता का संकल्प
मेले के दौरान मेला संरक्षक जीवतराम करीरा, शोभाराम पुरूसनानी, महेश मंगरानी ने सिंधी समाज के लोगों को समाज की एकता और एक दूसरे के सहयोग का संकल्प दिलाया। समिति के संरक्षक मंडल ने संयुक्त रूप से कहा हमें सिंधी समाज पर गर्व है हम लोग मान सम्मान और स्वाभिमान से समाज में समरसता का संदेश देने के लिए तत्पर हैं।
भव्य जगमग रोशनी रंग बिरंगे गुब्बारों की छठा बिखेरे सिंधियत के मेले में आए सभी का जी आया भले आया सदके आया स्वागत सत्कार मुख्य गेट पर श्याम भोजवानी, सुनील कर्मचंदानी, चिम्मन पेरवानी द्वारा किया गया। सोशल मीडिया की व्यवस्था में संजय नोतनानी, आनंद नोतनानी का सहयोग रहा।
इनकी रही मौजूदगी
मेले के दूसरे दिन प्रमुख रूप से जीवतराम करीरा, महेश मंघरानी, सुरेश सीतलानी, हेमंत भोजवानी, श्याम भोजवानी, रमेश बालानी, अशोक मंगवानी, सुनील करमचंदानी, चतुर्मल भागवानी, हीरालाल त्रिलोकानी, जयप्रकाश धर्माणी, नरेंद्र पुरष्नानी जेठा भाई, भगवान आवतानी, रवि गिडवानी, टेकचंद चिभरानी, नारायनदास लालवानी, हरीश टहल्यानी, लक्ष्मण भावनानी, लालचंद मोटवानी, प्रदीप वनवारी, ठाकुर आवतानी, आनंद नोतनानी, संजय नोटनानी, भोजराज लालवानी, नरेश लखवानी सुंदर चेतवानी, भरत मंगलानी, जीवतराम करमचंदनी, लच्छू भाई, पूजा भोजवानी ,सोनम मुलानी, किरन वरयानी, नेहा फुलवानी, विनीता वाधवानी ,अनु मोटवानी मधु भावनानी, रिया वरलानी आदि बड़ी संख्या में मेला आयोजन समिति से जुड़े पदाधिकारी और सिंधी समाज के लोग मौजूद रहे। सुरक्षा की व्यवस्था विनोद बनवारी, राज छाबड़ा अपने पूरी सैकड़ो युवा टीम के साथ मुस्तैदी से रहे