: तीन दर्जन झांकियों के साथ भव्य रूप से निकली देवी शशि बाला की शोभायात्रा
Mon, Oct 23, 2023
आगरा। नवरात्रि के पावन पर्व पर श्री शक्ति भजन मंडल द्वारा आयोजित देवी शशि बाला जी की शोभायात्रा में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। शाहगंज स्थित शशि वैष्णव माता महाकाली मंदिर से ढोल-ताशों पर देवी मां के भक्तियम संगीत पर झूमते गाते श्रद्धालु और मन में श्रद्धा भाव को बढ़ाती देवी देवताओं की आकर्षक झांकियां देखते ही बन रही थीं। माता के दर्शन और आर्शीवाद को ललायित सैकड़ों भक्तजन शोभायात्रा में माता के भजनों पर झूम रहे थे। देवी शशिबाला जी की शोभायात्रा का शुभारम्भ समाजसेवियों और भक्तजनों ने देवी मां की आरती कर किया। पिछले कई वर्षों से भक्तजन नवरात्रि के पावन पर्व पर शोभा यात्रा निकालकर माता को मानते हैं यह परंपरा भक्तों की असीम श्रद्धा से हर वर्ष बढ़ती जा रही है।
शाहगंज स्थित संगीता सिनेमा चौराहे से प्रारम्भ शोभायात्रा में बैंड बाजों और ढोल नगाड़ों संग सर्वप्रथम विध्नविनाशक श्रीगणपति की झांकी थी। राधा-कृष्ण, शिव पार्वती, लक्ष्मी-नारायण, बजरंग बली, खाटू नरेश सहित देवी देवताओं की तीन दर्जन से ज्यादाआकर्षक झांकियों के संग शोभायात्रा का जगह-जगह आरती कर, देवी मां की प्रतिमा को चुनरी पहनाकर व पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। अंत में देवी शशि बाला की झांकी थीं। भक्तजनों को प्रसाद वितरण किया गया।
भोगीपुरा, रुई की मंडी, शाहगंज चौराहा, नौबस्ता चौराहा, लोहामंडी बाजार, राजामंडी बाजार, एमजी रोड, नालबंद चौराहा, पंचकुईयां चौराहा से होते हुए चिल्लीपाड़ा शाहगंज पहुंची, जहां शोभायात्रा का समापन हुआ। इसके उपरान्त श्रद्दालुओं द्वारा भक्तिभाव से मंदिर में ज्योति प्रचंड (जगराता) व भगवती का गुणगान (कीर्तन) किया गया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से हर्ष ढालिया, गुलशन माकन, सुनील करमचंदानी, संजय अग्रवाल,सुन्दर, अशोक, अंकित योगी, कुनाल, विनोद गिडवानी, मौनू आदि मौजूद रहे।
: ट्रैन में सफ़र कर रही विदेशी महिला का छूट गया सामान, रेलवे ने लौटाई ख़ुशी
Mon, Oct 23, 2023
आगरा। रेलवे की मुस्तैदी ने ट्रेन में सफर कर रही एक विदेशी महिला के चेहरे पर खुशी लौटा दी। ट्रेन में बैग व सामान छूट जाने से विदेशी महिला पर्यटक काफी परेशान दिखी। शिकायत करने पर रेलवे विभाग एक्शन में आया। विदेशी महिला का सामान ट्रेन से बरामद किया और सुरक्षित महिला पर्यटक को वापस किया। अपना सामान पाकर महिला पर्यटक काफी उत्साहित दिखी और रेलवे अधिकारी व आरपीएफ को इसके लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
मामला छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस से जुड़ा हुआ है। गाड़ी संख्या- 18238 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में हेरीना केरीना नाम की विदेशी महिला यात्री कोच संख्या H 1 D/11 में यात्रा कर रहीं थी। कैंट स्टेशन पर उतरते समय उनका सामान उसी कोच पर छूट गया। विदेशी महिला ने इसकी शिकायत आगरा कैंट स्टेशन पर स्टेशन प्रबंधक वाणिज्य आगरा छावनी स्टेशन में कार्यरत ऑन ड्यूटी स्टाफ सुनील यादव से की। अतिथि देवों भव परंपरा का निर्वहन करते हुए वह तुरंत एक्शन में आये और ट्रेन में मौजूद ऑन ड्यूटी आरपीएफ स्टाफ को मैसेज किया। ऑन ड्यूटी आरपीएफ स्टाफ द्वारा तत्परता से पूरा सामान सही सलामत मिला।
सामान को अपने कब्जे में लेकर उप स्टेशन प्रबंधक वाणिज्य आगरा छावनी स्टेशन कार्यालय को सूचित किया कि सामान सुरक्षित मिल गया है। ऑन ड्यूटी आरपीएफ स्टाफ द्वारा स्क्वाड में टिकट चेकिंग स्टाफ वरुण मीना को सुपुर्द किया गया। उनके द्वारा उप स्टेशन प्रबंधक वाणिज्य कार्यालय आगरा में बैग दिया गया। उसके उपरांत महिला यात्री को बैग सत्यापन करने के बाद सुपुर्द किया गया।
विदेशी महिला यात्री अपना बैग पाकर काफी उत्साहित नजर आई और अपनी खुशी भी जाहिर की। सब कुछ सुरक्षित वापस मिल जाने पर विदेशी महिला पर्यटक ने रेलवे परिवार का आभार और आरपीएफ, आगरा छावनी स्टेशन मे कार्यरत ऑन ड्यूटी स्टाफ उप. स्टेशन प्रबंधक वाणिज्य द्वारा किये गये कार्य की तारीफ की और उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया।
: गोल्फ कार्ट के लिए पर्यटकों को करना पड़ रहा है घंटों इंतजार, अव्यवस्थाएं भी हावी
Mon, Oct 23, 2023
Agra. ताजमहल का दीदार करने के लिए सात समुंदर पार से पर्यटक ताजमहल पहुंच रहा है लेकिन जिला प्रशासन की लापरवाही से इन पर्यटकों को लंबी लंबी लाइन से गुजरना पड़ रहा है। ताजमहल के प्रवेश को लेकर पर्यटक को लाइन में लगना मंजूर है लेकिन गोल्फ कार्ट के लिए भी लंबी लंबी लाइन लगना पड़े वो मंजूर नहीं है। इसको लेकर पर्यटकों में खासा रोष दिखाई दे रहा है।
तीन लाइन से होकर गुजर रहा है पर्यटक
ताजमहल का दीदार करना पर्यटकों के लिए और ज्यादा मुश्किल हो गया है। पर्यटक जब ताजमहल पहुंचता है तो सबसे पहले उसे सबसे गोल्फ कार्ट के लिए लाइन में लगकर घंटों इन्तज़ार करना पड़ता है। इसके बाद पर्यटक टिकट की लाइन में लगता है फिर उसे ताज में प्रवेश के लिए लंबी लाइन में लगना पड़ता है। अंत में ताजमहल घूमने के बाद पर्यटक फिर एक बार गोल्फ कार्ट के लिए लम्बी लाइन में लगते हैं। यानी ताज महल देखने आये पर्यटक का अधिक समय लाइन में लगने से ही गुज़र जाता है। गोल्फ कार्ट की कमी ताज पर हमेशा से रही है। गोल्फ कार्ट की संख्या बढ़ाने की लम्बे समय से मांग उठती रही है लेकिन आगरा विकास प्राधिकरण पर इन सब बातों का कोई असर नहीं पड़ता है। विश्व स्तरीय इमारत पर पर्यटकों के लिए आने जाने की पेड सुविधा एडीए उपलब्ध नहीं करा सका है।
अव्यवस्थाओं से पर्यटक दिखे नाराज़
ताजमहल देखने आये एक पर्यटक का कहना है कि ताजमहल देखने के बाद गोल्फ कार्ट के लिए लाइन में लगना उनकी मजबूरी हो गयी है। एक घंटे से अधिक समय लगा। तब भी वह लाइन में लगे हैं क्योंकि उनके साथ बुज़ुर्ग महिलायें और छोटे बच्चे भी हैं। वह ज़्यादा दूर पैदल नहीं चल सकते। गोल्फ कार्ट के लिए लाइन में लगे पर्यटकों के चेहरे पर काफी निराशा देखने को मिली।
ताजमहल की सुंदरता बेमिसाल है। देश विदेश से आए पर्यटक ताज की खूबसूरती को देखकर कायल हो जाते हैं। दुनिया भर में ताज महल अपनी ख़ूबसूरती को लेकर मशहूर है। मुहब्ब्बत की इस निशानी को देखने की हर कोई आस रखता है। लेकिन ताज की बेमिसाल खूबसूरती को निहारकर बाहर निकले लोग गोल्फ कार्ट की लाइन में घंटो परेशान होकर ताज के वो हसीं मंज़र भूल जाते हैं जिन्हें वह थोड़ी ही देर पहले अपनी आँखों से देखकर बाहर निकले थे। बाहर निकलने के बाद लाइन में लगे पर्यटक सिस्टम को कोसते नज़र आते हैं लेकिन सिस्टम पर इसका कोई असर नहीं पड़ रहा है।
पर्यटक सीज़न शुरू होते ही ताजमहल पर सैलानियों की संख्या काफी अधिक हो जाती है। यही वजह है कि इन दिनों ताजमहल पर रिकॉर्ड तोड़ भीड़ देखने को मिल रही है। पर्यटकों की संख्या बढ़ने का एडीए पर कोई असर नहीं होता है। आम दिनों की तरह पर्यटन सीज़न पर वही पुरानी व्यवस्थाएं रहती हैं। भीड़ अधिक हो जाती है और व्यवस्थाएं पुरानी ही रहती हैं जिसके कारण संसाधनों की कमी हो जाती है।
ताजमहल के 500 मीटर के दायरे में डीज़ल और पेट्रोल के वाहन बैन हैं। पर्यटकों की सुविधा के लिए आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा गोल्फ कार्ट चलाई जाती है। इनकी निर्धारित संख्या लगभग 30 है जो कि कम है। पूर्वी गेट पर केवल 10 की संख्या में ही गोल्फ कार्ट दिखाई देती हैं। जबकि पश्चिमी गेट पर संख्या इससे भी कम देखी जाती है। पर्यटकों की संख्या बढ़ने पर गोल्फ की कमी पर्यटकों को खलती है। गोल्फ कार्ट समय से ना मिलने पर पर्यटकों की नाराज़गी पहले भी देखने को मिली है। इसकी शिकाययतें भी होती रही हैं। लेकिन किसी भी विभाग से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला है।