: श्री श्याम आस्था परिवार का वार्षिकोत्सव 4 नवंबर को, सजेगा श्याम संकीर्तन का दरबार
Thu, Sep 26, 2024
श्री श्याम आस्था परिवार खाटूधाम अग्रसेन भवन में आयोजित करेगा वार्षिकोत्सव
श्री श्याम तीज महोत्सव के रूप में मनेगा वार्षिकोत्सव, आएंगे दिल्ली, ग्वालियर, बरेली भजन गायक
आगरा। भव्य और दिव्य सजेगा श्री श्याम दरबार, बहेगी आस्था की स्वर लहरियां, इत्र वर्षा के मध्य झूमेगी भक्ति, अलौकिक होगा बाबा का श्रृंगार। भक्ति की उमंग के साथ आयोजित होगा श्री श्याम आस्था परिवार खाटूधाम का वार्षिकोत्सव। बुधवार को वाटर वर्क्स स्थित अतिथि वन आयोजन का उद्घोषणा समारोह एवं साधारण सभा आयोजित की गई।
संस्थापक अमित अग्रवाल और संरक्षक वीरेंद्र मेड़तवाल ने बताया कि संस्था एक दशक से अधिक समय से गौ सेवा और मानव सेवा संग श्री खाटूश्याम की भक्ति के लिए समर्पित है।
अध्यक्ष राहुल बंसल ने बताया कि 04 नवंबर को लोहामंडी स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में श्री श्याम तीज महोत्सव के रूप में वार्षिकोत्सव मनाया जायेगा।
कोषाध्यक्ष संजय मित्तल ने कहा कि आयोजन में श्री श्याम बाबा का अलौकिक श्रृंगार, छप्पन भोग दर्शन होंगे। बाबा का खजाना लुटेगा।
उपाध्यक्ष अजय बंसल और नितेश अग्रवाल मई वाले ने बताया कि आयोजन में भक्तिमय स्वरलहरी का प्रवाह शीतल पाण्डेय और अंकित गोयल दिल्ली, मनोज शर्मा ग्वालियर, अंजली द्विवेदी बरेली, मारूति नन्दन शर्मा बरेली और इशिता शर्मा पलवल करेंगी।
महामंत्री दिव्या मेड़तवाल के अनुसार पुष्प एवं इत्र की वर्षा होगी और श्याम रसोई की व्यवस्था होगी। कार्यक्रम दोपहर 12 से आरंभ हो जायेगा।
राजीव त्रिपाठी ने बताया कि आयोजन की उद्घोषणा के बाद सदस्यों को जिम्मेदारियां दी गई। सदस्यों द्वारा श्याम प्रेमियों को आयोजन का आमंत्रण दिया गया। इस अवसर पर महासचिव आयुष जैन, डॉ टीएन अग्रवाल, यश, विपिन, सुमित, सहित मिढ़ाकुर, फतेहपुर सीकरी, किरावली, फिरोजाबाद के श्याम प्रेमी उपस्थित रहे।
: श्री रघुनाथ जी की मनमोहक छवि पर मोहित हुई जगत जननी
Thu, Sep 26, 2024
आगरा। रामलीला मैदान में आज मिथिला नगरी में बनी पुष्प वाटिका अपनी अनोखी छठा बिखेर रही थी। गौरा मंदिर और अहिल्या उद्धार के निराले दृश्यों ने दर्शकों का मन मोह लिया। इससे पूर्व स्व. लाला चन्नोमल की बारहदरी से मुनि विश्वामित्र के साथ राम लक्ष्मण घोड़े की सवारी पर व मां जानकी अपनी सखियों के साथ रथ पर सवार होकर पुष्प वाटिका के लिए रावतपाड़ा, जौहरी बाजार, बिजली घर होती हुई रामलीला मैदान बनी जनकपुरी मिथिला नगरी में जाती हैं। मां जानकी राम-लक्ष्मण की शोभायात्रा मार्ग पर अनेक जगह पुष्प वर्षा कर लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। रामलीला के पदाधिकारियों ने मां जानकी व भगवान राम की महिमा का वर्णन कुछ इस प्रकार किया
सुनु सिय सत्य असीस हमारी। पूजिहि मन कामना तुम्हारी।।
मैदान पर जानकी मां अंबिका के मंदिर में पूजा करती हैं तथा पूजा करते समय मां अंबिका से भगवान श्री राम को अपने पति के रूप में मांगती है। मां अंबिका पूजा से प्रसन्न होती हैं और प्रसन्न होकर मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम को उनके पति के रूप में देने का वरदान देती है। रामलीला मैदान में लीला के प्रारंभ में दिखाया कि भगवान राम और लक्ष्मण मुनि विश्वामित्र के साथ यज्ञ पूर्ण करके जनकपुरी जाते हैं। जनकपुरी के मार्ग में एक शिला मिलती है शिला को देखकर भगवान राम विश्वामित्र जी की आज्ञा से उस शिला पर अपने चरण रज प्रदान करते हैं। चरण रज से गौतम ऋषि की पत्नी अहिल्या का उद्धार होता है।
रामलीला मैदान में आज रामलीला के अध्यक्ष विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, महामंत्री राजीव अग्रवाल, विजय प्रकाश गोयल, मुकेश जौहरी, मनोज पोली, विष्णु दयाल बांसल, राकेश जैन, अजय छोटू, महेश चंद्र मंगल, रामांशु शर्मा, विनोद जोहरी, निक्की जोहरी, प्रकाश चंद, दिलीप अग्रवाल, राम मोहन पाराशर, योगेंद्र, राहुल गौतम सहित अनेक पदाधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
काशी विश्वनाथ मंदिर के पुजारी द्वारा मिथिला नगरी में सीता स्वयंवर की लीला पर की जाएगी महा आरती
श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, महामंत्री राजीव अग्रवाल द्वारा बताया कि 26 सितंबर को सीता स्वयंवर और धनुष टूटने की लीला पर काशी विश्वनाथ मंदिर बनारस के बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर पर जो आरती होती है उन्हीं पुजारियों द्वारा कल मिथिला नगरी बने रामलीला मैदान पर सीता स्वयंवर एवं धनुष टूटने की लीला पर आरती की जाएगी
: ग्राहकों की श्रद्धा से न हो खिलवाड़, कुट्टू के आटे का सावधानी से करें व्यापार
Wed, Sep 25, 2024
खाद्य पदार्थ क्रेता− विक्रेता, मैन्युफैक्चरिंग के व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने किया संबोधित
उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, चैंबर आफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन एवं खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने चलाया अभियान
धार्मिक त्योहारों पर खाद्य पदार्थ एवं कुट्टू आटा पर सावधानी एवं सेवन की गुणवत्ता पर किया जागरुक
आगरा। व्रत− त्यौहार प्रत्येक व्यक्ति की धार्मिक आस्था से जुड़े अवसर होते हैं। आने वाले दिनों नवरात्र सहित अन्य व्रतों पर उपयोग में लिया जाने वाला कुट्टू के आटे को लेकर सावधानी की आवश्यकता है। इस गंभीर विषय को लेकर उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, चैंबर आफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन एवं खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने अछनेरा क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया।
बुधवार को अछनेरा के अग्रोहा भवन में आयोजित जागरुकता अभियान बैठक रखी गयी। बैठक में अछनेरा, किरावली, फतेहपुर सीकरी व अन्य क्षेत्रों के खाद्य पदार्थ क्रेता, विक्रेता एवं मैन्युफैक्चरिंग से संबंधित व्यापारियों ने सहभागिता की। बैठक को संबोधित करते हुए सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय शशांक त्रिपाठी ने कहा कि कुट्टू का आटा 10 से 12 दिन ही चलता है, इसके बाद वो खराब हो जाता है। विशेषकर उसे नमी युक्त स्थान पर न रखें, क्योंकि इससे आटे में फंगस जल्दी होती है। जरा सी फंगस या पुराना होने से कुट्टू का आटा गंभीर बीमार कर सकता है। विगत दिनों फंगस लगे कुट्टू के आटे के कारण तमाम दुर्घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उन्होंने कहा कि केवल उच्च गुणवत्ता का कुट्टू का आटा ही वितरित करें। कुट्टू के आटे के विकल्प के रूप में सिंघाड़े का आटा, साबूदाना, सावा के चावल आदि भी प्रयोग करने की सलाह उन्होंने दी। चैंबर आफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन के महामंत्री अनुज सिंघल ने कहा कि ग्राहक दुकानदार पर विश्वास करता है इसलिए उसके विश्वास को अपनी सावधानी और सतर्कता से बनाए रखना ये हर खाद्य व्यापारी या इस उद्योग से जुड़े उद्यमी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीेंरेंद्र सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश गुप्ता, उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के मंडल अध्यक्ष मनीष अग्रवाल रावी, अध्यक्ष प्रेमनारायण सिंघल, कार्यवाहक अध्यक्ष मनीष सिंघल, महामंत्री जितेंद्र मित्तल, अनिल मित्तल, नरेश कुमार, रामकिशन, तुषार, विवेक, शिवशंकर, शैलेंद्र आदि उपस्थित रहे।