श्री श्याम आस्था परिवार : श्याम नाम की मस्ती में सराबोर हुआ एमडी जैन मैदान, भजनों पर देर रात तक झूमे भक्त
Pragya News 24
Thu, Nov 12, 2026
आगरा। कहीं बाबा के चरणों में समर्पण की पुकार, कहीं अपने आराध्य से लाज बचाने की अरदास तो कहीं श्याम नाम की मस्ती में झूमते श्रद्धालु... गुरुवार को हरीपर्वत स्थित एमडी जैन मैदान में श्री श्याम आस्था परिवार, आगरा खाटू धाम की ओर से आयोजित 14वें वार्षिक उत्सव श्री श्याम तीज महोत्सव के अंतर्गत भव्य श्याम संकीर्तन अखाड़े में ऐसा ही भक्तिमय नजारा देखने को मिला। बाबा श्याम के अलौकिक दरबार, देशभर से आए भजन गायकों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों और इत्र-पुष्प वर्षा ने पूरे वातावरण को श्याममय बना दिया। देर रात तक श्रद्धालु भजनों पर झूमते रहे और जय श्री श्याम के जयकारों से पूरा परिसर गुंजायमान होता रहा।
भव्य एवं आकर्षक दरबार में विराजमान बाबा श्याम के दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। श्री कीर्ति नाथ महाराज (कामाख्या मंदिर) के मार्गदर्शन में संकीर्तन का शुभारंभ हुआ। भक्ति संगीत की मधुर स्वर लहरियां गूंजते ही श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कोई हाथ उठाकर अपने आराध्य को पुकारता नजर आया तो कोई भजनों की धुन पर नृत्य कर अपनी श्रद्धा और समर्पण प्रकट करता रहा।
‘तेरा ही आसरा है’ भजन ने छू लिया श्रद्धालुओं का हृदय
कोलकाता से आए भजन गायक सौरभ शर्मा ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुतियों से संकीर्तन में भक्ति की अविरल धारा प्रवाहित की। उनके भजन ‘बची तकदीर का हिस्सा तरस जाएगा बन हीरा, तेरा ही आसरा है, तेरा ही आसरा है...’ ने श्रद्धालुओं को भावुक कर दिया। भजन के माध्यम से भक्त की बेबसी, बाबा के प्रति अटूट विश्वास और पूर्ण समर्पण का भाव प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त हुआ। भजन के बोलों पर श्रद्धालु तालियां बजाते हुए झूम उठे। पूरा पंडाल श्याम नाम के जयकारों से गूंजने लगा।

इसके बाद कोलकाता के भजन गायक राज पारीक ने अपने सुमधुर भजनों से भक्तों को भावविभोर कर दिया। उनके भजन ‘हंसता जमाना मुझपे, उंगलियां उठाता है, कहां गया बाबा तेरा, कह के चिढ़ाता है...’ और ‘आजा रे कन्हैया आजा रे...’ ने श्रद्धालुओं के मन में अपने आराध्य के प्रति प्रेम, विश्वास और समर्पण के भाव जगा दिए। भजनों की लय और भावपूर्ण शब्दों के साथ पूरा पंडाल झूमता नजर आया। श्याम प्रेमियों ने हाथ उठाकर बाबा के दरबार में अपनी अरदास लगाई।
देशभर के भजन गायकों ने बांधा भक्तिरस का समां
संकीर्तन में वृंदावन की श्रीजी सखी, हरियाणा की परविंदर पालक, कुंज बिहारी दास (वृंदावन), नरेश खत्री, अनूप गोयल, राजा सांवरिया, त्रिलोकी शर्मा, अतुल वार्ष्णेय, प्रखर लोहिया, अंकुश शर्मा, अंकित लवानिया एवं हर्ष जायसवाल ने अपनी सुमधुर भजन प्रस्तुतियों से बाबा श्याम का गुणगान किया। एक के बाद एक भक्ति प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को देर रात तक भक्ति रस में सराबोर रखा। इत्र एवं पुष्प वर्षा के बीच सजे भव्य श्याम दरबार ने आयोजन की दिव्यता और आकर्षण को कई गुना बढ़ा दिया। संकीर्तन की संगीत व्यवस्था अंकित म्यूजिशियन द्वारा की गई।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर भाजपा महानगर महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष वंदना सिंह, संस्थापक राहुल बंसल, संरक्षक वीरेंद्र मेड़तवाल, अध्यक्ष दिव्य मेड़तवाल, कोषाध्यक्ष संजय मित्तल, महामंत्री आयुष जैन, महासचिव राजीव तिवारी, सचिव गोपाल सारस्वत, उपाध्यक्ष अजय बंसल एवं नितेश अग्रवाल, मंत्री विपिन मित्तल, मीडिया प्रभारी सुमित मित्तल, नीरज अग्रवाल, जगदीश, सतीश, धर्म, अमित अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, विष्णु अग्रवाल (राधे-राधे), रोहित अग्रवाल एवं रामगोपाल गर्ग सहित बड़ी संख्या में श्याम प्रेमी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन