श्री श्याम प्रभु मित्र मंडल : श्याम भजनों की रसधार में डूबा कमला नगर, रजनी राजस्थानी और आयुष सोमानी ने बांधा समां
Pragya News 24
Tue, Nov 17, 2026
‘परिवार मेरा तेरे हवाले खाटू वाले...’ भजनों पर झूमे श्याम प्रेमी, देर रात तक गूंजे जय श्री श्याम के जयकारे
रजनी राजस्थानी और आयुष सोमानी के सुरों ने बांधा समां, अखंड ज्योति, 56 भोग और अलौकिक श्रृंगार से सजा बाबा का भव्य दरबार
श्री श्याम प्रभु मित्र मंडल के 16वें वार्षिक श्याम संकीर्तन महोत्सव में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, इत्र वर्षा और मंगला आरती के साथ हुआ समापन
आगरा। कहीं हाथों में लहराती श्याम नाम की पताका तो कहीं भजनों की धुन पर झूमते श्रद्धालु... हर ओर गूंजते ‘जय श्री श्याम’ के जयकारे और इत्र की खुशबू से महकता भक्तिमय वातावरण। ‘हारे के सहारे आजा, तेरा दास पुकारे आजा’ की भावपूर्ण पुकार ने श्याम प्रेमियों को भावविभोर कर दिया, वहीं ‘मत होना मन सांवरे उदास, सांवरा जरूर आएगा’ के भजनों ने बाबा के प्रति अटूट विश्वास और श्रद्धा का संचार किया। अवसर था श्री श्याम प्रभु मित्र मंडल के 16वें वार्षिक श्याम संकीर्तन महोत्सव का। जनक पार्क, कमला नगर में आयोजित इस भव्य महोत्सव में अखंड ज्योति, अलौकिक श्रृंगार और 56 भोग के बीच सुप्रसिद्ध भजन गायिका रजनी राजस्थानी एवं आयुष सोमानी की प्रस्तुतियों ने ऐसा भक्तिरस बरसाया कि पूरा पंडाल श्याममय हो उठा।
अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित कर संकीर्तन महोत्सव का शुभारंभ किया गया। दीप दीक्षित ने ‘गजानन सरकार’ गणेश वंदना के साथ भजन संध्या का श्रीगणेश किया, जबकि अनुराग वर्मा ने हनुमान वंदना प्रस्तुत कर प्रभु का आह्वान किया। इसके बाद भजनों की ऐसी रसधार बही कि श्रद्धालु हाथ उठाकर बाबा के जयकारे लगाते हुए भक्ति में झूमने लगे।
रजनी राजस्थानी और आयुष सोमानी के भजनों ने बांधा समां
भजन संध्या में जयपुर की सुप्रसिद्ध भजन गायिका रजनी राजस्थानी और भजन गायक आयुष सोमानी ने अपनी मधुर आवाज से श्याम प्रेमियों को भावविभोर कर दिया। आयुष सोमानी ने ‘हारे के सहारे आजा, तेरा दास पुकारे आजा’, ‘किस्मत बदल गई है तेरी चौखट पर आकर’, ‘किस्मत वालों को मिलता है श्याम तेरा दरबार’ और ‘जिसकी नैया श्याम भरोसे डोल भले सकती है, डूब नहीं सकती है’ जैसे लोकप्रिय भजनों से बाबा की महिमा का गुणगान किया।
वहीं रजनी राजस्थानी ने ‘मत होना मन सांवरे उदास, सांवरा जरूर आएगा’, ‘अगर तू ना देता सहारा, ना जाने क्या होता हमारा’, ‘परिवार मेरा तेरे हवाले खाटू वाले ओ खाटू वाले’ और ‘मिले हो जबसे मुझको सांवरिया, मेरी दुनिया बदल गई’ जैसे भजनों की मनोहारी प्रस्तुति दी। उनके भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। हर प्रस्तुति के साथ श्याम नाम के जयकारों से पंडाल गूंजता रहा।
अलौकिक श्रृंगार, 56 भोग और इत्र वर्षा रहे आकर्षण
महोत्सव में बाबा श्याम का अलौकिक श्रृंगार और भव्य दिव्य दरबार विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। अखंड ज्योति, 56 भोग, श्याम रसोई और बाबा का खजाना श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बने। इस अवसर पर खाटू श्याम मंदिर, जीवनी मंडी में बाबा की पोशाक सेवा भी की गई।
भजन संध्या का मंच संचालन लोकेश मित्तल ने किया। इस दौरान जीतू, दिनेश शर्मा एवं देवेंद्र कुमार गोयल सहित अन्य सेवादारों ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया, जबकि कन्हैया तोमर द्वारा इत्र वर्षा की गई। इत्र की सुगंध और भजनों की मधुर स्वर लहरियों ने पूरे वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। संकीर्तन का समापन मंगला आरती के साथ हुआ।
16 वर्षों से श्याम भक्ति का संदेश घर-घर पहुंचा रहा मंडल
मंडल अध्यक्ष बंशी वर्मा ने कहा कि बाबा श्याम की भक्ति ही मंडल की सबसे बड़ी शक्ति और प्रेरणा है। पिछले 16 वर्षों से मंडल निरंतर श्याम संकीर्तन के माध्यम से बाबा का संदेश घर-घर तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है। प्रत्येक रविवार को निःशुल्क साप्ताहिक संकीर्तन आयोजित किया जाता है, जिसमें श्रद्धालु एक साथ बैठकर बाबा का गुणगान करते हैं। उन्होंने कहा कि बाबा श्याम पर विश्वास रखने वाले भक्त कभी अकेले नहीं होते। उन्होंने महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्याम प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
स्वागत अध्यक्ष अविनाश राणा ने कहा कि 16वें वार्षिक श्याम संकीर्तन महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहा। बाबा के दरबार में सभी भक्त समान हैं और यही भक्ति की सबसे सुंदर भावना है। महोत्सव में पधारे अतिथियों का स्वागत अविनाश राणा एवं गजेन्द्र वर्मा ने किया।
इस अवसर पर संस्थापक हरिओम बाबा, अध्यक्ष बंशी वर्मा, ओमप्रकाश शर्मा, प्रवीण गोयल, स्वागत अध्यक्ष अविनाश राणा, पंकज लोहिया, किशन अग्रवाल, मनीष वर्मा, गजेन्द्र वर्मा, राजन गुप्ता, उमाशंकर अग्रवाल, गोपाल कृष्ण अग्रवाल, अरविंद वर्मा, हेमेंद्र अग्रवाल, रामकुमार गोयल, विष्णु वर्मा, अनुराग अग्रवाल, अमित सिंघल, अमित अग्रवाल, टीटू भाई, यश गर्ग, मुकुल सिंघल, शौर्य अग्रवाल, कृष्णा सिंघल, आनंद सिंघल, सोनू मित्तल, रोहित बंसल एवं शुभम बंसल सहित अनेक श्याम प्रेमी उपस्थित रहे।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन