विश्व हिंदू महासंघ : श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति के संकल्प के साथ निकली विशाल वाहन रैली, कुबेरपुर से वृंदावन तक गूंजा जय श्रीकृष्ण का जयघोष
Pragya News 24
Tue, Nov 17, 2026
वॉटर वर्क्स, खंदारी और सिकंदरा पर पुष्पवर्षा कर हुआ यात्रा का भव्य स्वागत, 18 नवंबर तक चलेगा विश्व हिंदू महासंघ का त्रिदिवसीय प्रांतीय अधिवेशन
17 नवंबर को 84 कोसी ब्रज परिक्रमा, 18 नवंबर को संत संकल्प सम्मेलन के साथ होगा अधिवेशन का समापन
आगरा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति के संकल्प और संगठनात्मक एकजुटता के संदेश के साथ सोमवार को विश्व हिंदू महासंघ उत्तर प्रदेश की ओर से विशाल वाहन रैली निकाली गई। कुबेरपुर से विधिवत शुभारंभ हुई श्रीकृष्ण जन्मभूमि संकल्प यात्रा का आगरा में विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। वॉटर वर्क्स, खंदारी और सिकंदरा पर संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का अभिनंदन किया। इस दौरान जय श्रीकृष्ण के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता वाहनों के काफिले के साथ यात्रा में शामिल हुए। यात्रा का समापन वृंदावन स्थित हरिदास प्रेक्षागृह में हुआ, जहां 16 से 18 नवंबर तक महासंघ का तीन दिवसीय प्रांतीय अधिवेशन आयोजित किया जा रहा है।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष भिखारी प्रजापति ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि का विषय करोड़ों सनातन धर्मावलंबियों की आस्था और सांस्कृतिक चेतना से जुड़ा है। विश्व हिंदू महासंघ इस विषय पर जनजागरण और जनसंपर्क के माध्यम से समाज को एकजुट करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने बताया कि झांसी में आयोजित प्रांतीय बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित होने के बाद 12 सितंबर को प्रदेश के सभी जिलों में गोरक्षपीठाधीश्वर ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज की पुण्य स्मृति में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति अभियान के अंतर्गत शोभायात्राएं एवं श्रीकृष्ण विजय यज्ञ आयोजित किए गए थे।
उन्होंने कहा कि मथुरा-वृंदावन में आयोजित त्रिदिवसीय प्रांतीय अधिवेशन अभियान को आगे बढ़ाने, संगठनात्मक मजबूती और आगामी कार्ययोजना तैयार करने का महत्वपूर्ण अवसर है। अधिवेशन में धर्म, संस्कृति और समाजहित से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श कर भविष्य की रणनीति निर्धारित की जाएगी।
तीन दिन चलेगा प्रांतीय अधिवेशन, 18 नवंबर को विराट संत संकल्प सम्मेलन
अधिवेशन के प्रथम दिन 16 नवंबर को कुबेरपुर से श्रीकृष्ण जन्मभूमि संकल्प यात्रा का शुभारंभ किया गया। 17 नवंबर को प्रातः ब्रज की 84 कोस परिक्रमा के माध्यम से श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति का संदेश दिया जाएगा। इसके बाद वृंदावन स्थित हरिदास प्रेक्षागृह में संगठनात्मक एवं वैचारिक सत्र आयोजित होंगे, जिनमें संगठन की आगामी कार्ययोजनाओं पर मंथन किया जाएगा तथा महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए जाएंगे।
अधिवेशन के अंतिम दिन 18 नवंबर को वृंदावन के पूज्य संतों के सानिध्य में विराट संत संकल्प सम्मेलन आयोजित होगा। समापन समारोह में संतों एवं संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया जाएगा।
संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संभाली यात्रा की कमान
श्रीकृष्ण जन्मभूमि संकल्प यात्रा के संयोजक हरिओम पाठक, अध्यक्ष धर्माचार्य प्रकोष्ठ तथा यात्रा प्रभारी क्षेत्रीय अध्यक्ष शरद परमार हैं। यात्रा के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष सौरभ तिवारी, मंडल प्रभारी अंकित उपाध्याय, आगरा जिला अध्यक्ष नमन अग्रवाल, जिला अध्यक्ष डिंपल गंभीर, प्रदेश महामंत्री दिग्विजय सिंह राणा, प्रदेश मीडिया प्रभारी इंद्रदीप जैन, जिला महामंत्री शुभम आनंद, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश शर्मा एवं गौ रक्षा प्रकोष्ठ की प्रदेश मंत्री साक्षी कौशिक सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन