श्री मनःकामेश्वर मंदिर : श्री मनःकामेश्वर बाबा के 24वें वार्षिक भंडारे में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने ग्रहण की प्रसाद
Pragya News 24
Tue, Nov 17, 2026
दर्शन, परोसन सेवा और प्रसादी के साथ सामाजिक समरसता का दिखा अद्भुत संगम, हर श्रद्धालु का विशेष अतिथि की तरह हुआ आत्मीय स्वागत
स्वच्छता और सेवा का संदेश लेकर संपन्न हुआ वार्षिक भंडारा, प्रसादी स्थल पर श्रद्धालुओं को हुए बाबा के स्वरूप दर्शन
आगरा। श्री मनःकामेश्वर मठ मंदिर में पूज्य महंत उद्धव पुरी जी की पावन स्मृति में आयोजित होने वाला 24वां वार्षिक भंडारा सोमवार को परिक्रमा मार्ग, दरेसी नंबर-1 पर श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ संपन्न हुआ। दोपहर से देर शाम तक चले इस विशाल भंडारे में 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा की प्रसादी ग्रहण की। आयोजन में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने एक साथ बैठकर प्रसादी ग्रहण की और सामाजिक समरसता, समानता एवं सामूहिक सेवा का संदेश दिया।
भंडारे की विशेषता रही कि प्रसादी स्थल पर श्री मनःकामेश्वर बाबा के स्वरूप के दर्शन की विशेष व्यवस्था की गई थी। मठ मंदिर परिवार की ओर से प्रत्येक श्रद्धालु का विशेष अतिथि की तरह आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। श्रद्धालुओं को प्रसादी के साथ अपनत्व और सम्मान का भाव भी प्रदान किया गया। पूरे आयोजन में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया। मठ प्रशासक हरिहर पुरी के मार्गदर्शन में आयोजित भंडारे के माध्यम से सेवा के साथ स्वच्छता का संदेश भी दिया गया।
दर्शन, परोसन सेवा और प्रसादी... वार्षिक भंडारे के तीन प्रमुख आध्यात्मिक प्रयोजन
श्रीमहंत योगेश पुरी ने वार्षिक भंडारे के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस आयोजन के तीन प्रमुख प्रयोजन हैं। प्रथम बाबा के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त करना, द्वितीय श्रद्धालुओं को अपने हाथों से प्रसादी परोसने की सेवा करना और तृतीय बाबा की प्रसादी ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त करना। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल भोजन वितरण का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण, सद्भाव और आध्यात्मिक जुड़ाव का पर्व है। जब कोई भक्त सेवा भाव से श्रद्धालुओं को प्रसादी परोसता है, तो वह स्वयं को बाबा के चरणों में समर्पित करता है। भंडारे में सभी लोग समान भाव से सहभागी बनते हैं, जो सनातन संस्कृति की सुंदर परंपरा है।
मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने बताया कि श्री मनःकामेश्वर मठ मंदिर परिवार की ओर से आगामी धार्मिक आयोजनों की रूपरेखा भी तैयार की गई है। इन आयोजनों के माध्यम से गौसेवा, सनातन परंपराओं और धार्मिक संस्कारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
गोपाष्टमी पर 56 भोग और गौसेवा, 20 नवंबर को होगा तुलसी-शालिग्राम विवाह
मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने आगामी आयोजनों की जानकारी देते हुए बताया कि 17 नवंबर को गोपाष्टमी के पावन अवसर पर दिगनेर स्थित गौशाला, शमशाबाद रोड पर गौमाता के लिए 56 भोग का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर गौपूजन, गौसेवा एवं भोग अर्पण के माध्यम से श्रद्धालु धर्मलाभ प्राप्त करेंगे।
वहीं, 20 नवंबर शुक्रवार को श्री तुलसी-शालिग्राम विवाह महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसके अंतर्गत प्रातः 8 बजे बाबा की परिक्रमा के साथ वरयात्रा निकाली जाएगी। वैदिक विधि-विधान एवं धार्मिक परंपराओं के अनुरूप आयोजित होने वाला यह विवाह महोत्सव श्रद्धालुओं के लिए आस्था, भक्ति और उल्लास का विशेष अवसर होगा।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन