श्रीकृष्ण लीला महोत्सव 2026 : श्री कृष्णलीला महोत्सव में पहली बार हुआ भीष्म प्रतिज्ञा लीला का मंचन, धर्म, निष्ठा और भगवान की महिमा का हुआ सजीव चित्रण
Pragya News 24
Wed, Nov 18, 2026
आगरा। सत्ता का अहंकार जब धर्म और सत्य को चुनौती देने लगा, तब भीष्म पितामह ने दुर्योधन को भगवान श्रीकृष्ण की असीम शक्ति और दिव्यता का बोध कराया। महाभारत युद्ध के इसी रोमांचक प्रसंग को गौशाला प्रांगण, वाटर वर्क्स में आयोजित श्री कृष्णलीला महोत्सव में बुधवार को पहली बार 'भीष्म प्रतिज्ञा लीला' के रूप में मंचित किया गया। श्री कृष्णलीला महोत्सव समिति के तत्वावधान में हुए इस मंचन में कलाकारों ने प्रभावशाली अभिनय और सशक्त संवादों के माध्यम से महाभारत के युद्धकालीन प्रसंग को जीवंत कर दिया।
श्रीकृष्ण की महिमा सुन क्रोधित हुआ दुर्योधन
लीला में दिखाया गया कि महाभारत युद्ध में कौरवों की पराजय की आशंका से विचलित दुर्योधन भीष्म पितामह के पास पहुंचता है। वह उन्हें सेनापति पद से हटने और कर्ण को सेनापति बनाने की बात कहता है। इस पर भीष्म पितामह उसे समझाते हैं कि पांडवों के पक्ष में स्वयं भगवान श्रीकृष्ण हैं, इसलिए उनकी विजय को रोकना किसी के वश में नहीं है।

भीष्म पितामह भगवान श्रीकृष्ण के सतयुग, त्रेतायुग और द्वापरयुग के दिव्य स्वरूपों का वर्णन करते हुए उनकी महिमा का बखान करते हैं। वह बताते हैं कि भगवान प्रत्येक युग में धर्म की स्थापना और अधर्म के विनाश के लिए अवतार लेते हैं। श्रीकृष्ण की महिमा सुनकर दुर्योधन क्रोधित हो जाता है और भीष्म पितामह की बात मानने से इनकार कर देता है।
भीष्म की प्रतिज्ञा ने बढ़ाया महाभारत युद्ध का रोमांच
दुर्योधन के क्रोध और अविश्वास से आहत भीष्म पितामह प्रतिज्ञा करते हैं कि अगले दिन के युद्ध में वह पांडवों की सेना का संहार कर देंगे। उनकी इस प्रतिज्ञा के साथ मंच पर युद्ध के रोमांच और भावनात्मक टकराव का प्रभावशाली दृश्य प्रस्तुत किया गया। भीष्म पितामह का दृढ़ संकल्प, दुर्योधन का अहंकार और भगवान श्रीकृष्ण की दिव्यता के प्रसंग ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
अतिथियों ने उतारी स्वरूपों की आरती
महोत्सव में बुधवार को भाजपा महिला मोर्चा की शहर अध्यक्ष अपूर्वा जादौन, समिति अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, विजय रोहतगी, संजय बड़े, मनोज नागाजी, रेनू गोयल, रेनू गर्ग, सुजाता अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, केसी अग्रवाल, अनूप गोयल, महंत अनंत उपाध्याय, ब्रजेश अग्रवाल, गिर्राज बंसल, मनोज बंसल और विष्णु अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भगवान के स्वरूपों की आरती उतारी।

गुरुवार को होगा प्रह्लाद चरित्र और नरसिंह अवतार का मंचन
समिति अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष श्री कृष्णलीला महोत्सव में भगवान श्री नारायण हरि की विभिन्न लीलाओं के प्रसंगों का मंचन किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को भक्त प्रह्लाद चरित्र, भगवान नरसिंह अवतार एवं नृत्य का आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि भक्त प्रह्लाद की कथा अटूट श्रद्धा, भक्ति और ईश्वर के प्रति अडिग विश्वास का संदेश देती है।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन