श्री 1008 समवशरण महामंडल विधान : संयम, त्याग और अहिंसा की परंपरा का उत्सव बना पिच्छिका परिवर्तन समारोह
Pragya News 24
Sat, Nov 14, 2026
श्री 1008 समवशरण महामंडल विधान के पांचवें दिन निकली पिच्छिका की शोभायात्रा, तीन मुनिराजों के सानिध्य में श्रद्धालुओं ने किया पिच्छिका परिवर्तन; संयम और अहिंसा का दिया संदेश
आगरा। भक्ति संगीत की मधुर स्वर लहरियां, जयकारों से गूंजता जिनालय परिसर और श्रद्धा के साथ पिच्छिका को धारण करते जैन श्रद्धालु। कुछ ऐसा ही भक्तिमय वातावरण छीपीटोला स्थित श्री पार्श्वधाम में आयोजित श्री 1008 समवशरण महामंडल विधान के पांचवें दिन देखने को मिला। संत शिरोमणि पट्टाचार्य आचार्य श्री 108 विशुद्ध सागर जी महाराज के सुयोग्य शिष्य श्रमण मुनि श्री 108 समत्व सागर महाराज, श्रमण मुनि श्री 108 शील सागर महाराज एवं श्रमण मुनि श्री 108 सुप्रभात सागर महाराज के ससंघ सानिध्य में भव्य पिच्छिका परिवर्तन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पिच्छिका की आकर्षक शोभायात्रा निकाली और भक्ति संगीत पर नृत्य कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
कार्यक्रम का शुभारंभ महिला मंडल द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं मंगलाचरण के साथ हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं ने मुनिराजों का पाद प्रक्षालन किया तथा शास्त्र भेंटकर उनका अभिनंदन किया। मुनि संघ के मंच पर आगमन के दौरान पूरा परिसर जयकारों से गूंज उठा। आकर्षक ढंग से सजाई गई पिच्छिकाओं को गाजे-बाजे के साथ कार्यक्रम स्थल तक लाया गया।
समारोह में श्रावकों ने मुनिराजों को नवीन पिच्छिकाएं भेंट कीं। मुनि श्री 108 समत्व सागर महाराज को वीरेंद्र कुमार जैन शास्त्री एवं गौरव कुमार जैन (जैन कांटे वाले), कमला नगर परिवार की ओर से पिच्छिका भेंट की गई। वहीं मुनि श्री 108 शील सागर महाराज को मनोज जैन (बल्लो) एवं ऋषभ जैन, रिम वाले, छीपीटोला परिवार की ओर से पिच्छिका अर्पित की गई। इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। चातुर्मास की पूर्णता के उपरांत आयोजित इस समारोह में संयम, त्याग और अहिंसा की जैन परंपरा का विशेष संदेश दिया गया।

पिच्छिका धारण करना सौभाग्य और संयम का प्रतीक : मुनि श्री समत्व सागर
धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनि श्री 108 समत्व सागर महाराज ने कहा कि जीवन में समय रहते संयम का भाव जागृत हो जाए तो जीवन की संध्या भी सुप्रभात की तरह मंगलकारी बन सकती है। उन्होंने कहा कि अनेक लोगों के जीवन में बार-बार संध्या की बेला आती है, लेकिन संयम की बेला नहीं आ पाती। आज इस संयम महोत्सव में अनेक श्रद्धालुओं ने अपने भीतर संयम का भाव जागृत किया है।
उन्होंने कहा कि पिच्छिका को स्पर्श करने और उसे अर्पित करने का सौभाग्य मिलना भी बड़े पुण्य का विषय है। जो श्रद्धालु अल्प से अल्प नियम लेकर भी पिच्छिका भेंट करने का भाव रखते हैं, उनका यही मंगल भाव भविष्य में आध्यात्मिक उन्नति का कारण बन सकता है।
मुनि श्री ने पिच्छिका के महत्व को समझाते हुए कहा कि यह देखने में अत्यंत हल्की और साधारण वस्तु प्रतीत होती है, लेकिन इसका आध्यात्मिक महत्व बहुत बड़ा है। दिगंबर जैन मुनिराजों के लिए पिच्छिका संयम और अहिंसा का महत्वपूर्ण उपकरण है। यह उन्हें प्रत्येक कदम पर सूक्ष्म जीवों की रक्षा करने की प्रेरणा देती है। जिस पवित्र परंपरा का निर्वहन तीर्थंकरों और महामुनियों ने किया, उस परंपरा से जुड़ने का अवसर मिलना अत्यंत सौभाग्य की बात है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार किसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को संभालते समय व्यक्ति अपने पूर्वजों और परंपराओं का स्मरण कर भावुक हो जाता है, उसी प्रकार पिच्छिका धारण करने का अवसर भी साधक को अपनी महान आध्यात्मिक परंपरा का स्मरण कराता है।
सूक्ष्म जीवों की रक्षा का माध्यम है पिच्छिका
धार्मिक मान्यताओं और जैन साधु परंपरा के अनुसार दिगंबर जैन मुनिराज अपने पास तीन प्रमुख उपकरण रखते हैं—पिच्छिका, कमंडल और शास्त्र। इनमें पिच्छिका को संयम का उपकरण माना जाता है। यह प्राकृतिक रूप से झड़े हुए मोरपंखों से तैयार की जाती है। इन पंखों को एकत्रित कर श्रावकगण पिच्छिका का निर्माण करते हैं।
मुनिराज इसका उपयोग जमीन या आसन का परिमार्जन करने के लिए करते हैं, ताकि वहां मौजूद सूक्ष्म जीवों को किसी प्रकार की क्षति न पहुंचे। शास्त्र और कमंडल रखने या उठाने से पहले भी स्थान का परिमार्जन किया जाता है। पिच्छिका के अत्यंत कोमल पंख अहिंसा और जीव दया के सिद्धांत को व्यवहार में उतारने का माध्यम हैं। समय के साथ पंखों की कोमलता कम होने पर पिच्छिका बदलने की परंपरा है। इसी धार्मिक प्रक्रिया को पिच्छिका परिवर्तन कहा जाता है।
इस अवसर पर श्रुत मंथन वर्षायोग समिति के पं. महावीर प्रसाद जैन, पं. विजय जैन शास्त्री, पं. तरुण शास्त्री (इंदौर), प्रवीन जैन, आनंद जैन, रमेश जैन, मुकेश जैन, विवेक जैन, राजीव जैन, चक्रेश जैन, आशीष जैन (बाबा), हेमंत जैन, दीपक जैन, सचिन जैन, रोहित जैन, विन्नू जैन, मीडिया प्रभारी राहुल जैन सहित सकल जैन समाज के बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन