श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर : नवीन जैन परिवार ने भगवान आदिनाथ की आराधना कर मांगी प्रधानमंत्री मोदी के लिए दीर्घायु
Pragya News 24
Wed, Nov 18, 2026
श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में नौ दिवसीय विश्व शांति महायज्ञ एवं सिद्धचक्र महामंडल विधान का दूसरा दिन संपन्न, भाजपा सह प्रभारी अनंत ओझा ने की पहल की सराहना
आगरा। देश की शांति, विश्व कल्याण और राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ डी-ब्लॉक, कमला नगर स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित नौ दिवसीय विश्व शांति महायज्ञ एवं श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का दूसरा दिन बुधवार को विशेष धार्मिक अनुष्ठानों, भक्तिभाव और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। अष्टानिका महापर्व के पावन अवसर पर पीएनसी परिवार, आगरा की ओर से राज्यसभा सांसद नवीन जैन के नेतृत्व में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा के लिए उन्हें शक्ति एवं सामर्थ्य प्रदान करने की मंगलकामना की गई। साथ ही भगवान महावीर के अहिंसा, शांति और विश्व बंधुत्व के संदेश से देश-दुनिया में सुख, समृद्धि और सद्भाव स्थापित होने की प्रार्थना की गई।
16 अर्घ्य और विशेष शांतिधारा के साथ हुई जिनेंद्र भगवान की आराधना
बुधवार को प्रातःकाल पूज्य मुनि श्री समत्वसागर जी महाराज, मुनि श्री शीलसागर जी महाराज एवं मुनि श्री सुप्रभात सागर जी महाराज के ससंघ पावन सान्निध्य में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। प्रतिष्ठाचार्य डॉ. अभिषेक जैन एवं आकाश जैन शास्त्री के निर्देशन में श्री आदिनाथ भगवान का अभिषेक और विशेष शांतिधारा की गई। इसके पश्चात विधान मंडल पर विधि-विधान से अष्टद्रव्य अर्पित कर 16 अर्घ्य समर्पित किए गए।
राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती रेनू जैन के साथ सौधर्म इंद्र के रूप में धार्मिक क्रियाओं में सहभागिता की। महायज्ञनायक प्रदीप जैन सहित अन्य इंद्र-इंद्राणियों ने भी श्रद्धा और भक्तिभाव से विधान की क्रियाएं संपन्न कीं। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा की कामना के साथ देश एवं विश्व में शांति, समृद्धि और सद्भाव की प्रार्थना की गई।
अनंत ओझा ने की नवीन जैन की पहल की सराहना
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी अनंत ओझा उपस्थित रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना के लिए आयोजित इस धार्मिक पहल की सराहना की।
इस अवसर पर सांसद नवीन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर प्रगति और विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राष्ट्रसेवा के प्रति उनका समर्पण, परिश्रम और संकल्प हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। इस धार्मिक अनुष्ठान के माध्यम से प्रभु से प्रार्थना की जा रही है कि प्रधानमंत्री स्वस्थ रहें, दीर्घायु हों और उन्हें राष्ट्रसेवा के लिए निरंतर ऊर्जा, शक्ति एवं सामर्थ्य प्राप्त होता रहे। उन्होंने कहा कि जैन धर्म के अहिंसा, अपरिग्रह, संयम और विश्व बंधुत्व के सिद्धांत संपूर्ण मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करते हैं। आज जब विश्व अनेक चुनौतियों और अशांति के दौर से गुजर रहा है, तब भगवान महावीर के शांति और अहिंसा के संदेश को अपनाना और भी आवश्यक हो गया है। हमारी भावना है कि भारत शांति, सद्भाव और विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़े तथा संपूर्ण विश्व में प्रेम और भाईचारे का संदेश पहुंचे।
मुनिश्री की पुस्तक का हुआ विमोचन, भजनों ने बांधा समां
विधान के अवसर पर पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीप जैन, सांसद नवीन जैन, चक्रेश जैन एवं योगेश जैन सहित परिवार के सदस्यों ने मुनिश्री की पुस्तक का विमोचन किया। शाम को भोपाल से आए भजन गायक लोकेश जैन एवं उनकी पार्टी ने भक्तिमय जैन भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजनों की मधुर स्वर लहरियों से पूरा पंडाल भक्तिरस में सराबोर हो गया। रात्रि सात बजे श्रीजी की भव्य मंगल आरती की गई। दीपों की रोशनी, भक्ति संगीत और जय जिनेंद्र के जयघोष से आयोजन स्थल का वातावरण आध्यात्मिक उल्लास से भर उठा।
आत्मिक शांति और आत्मबोध में निहित है वास्तविक सुख : मुनि श्री समत्वसागर
प्रवचन के दौरान मुनि श्री समत्वसागर जी महाराज ने कहा कि जिस जीव की जैसी दृष्टि होती है, वह वैसी ही सृष्टि का निर्माण करता है। मनुष्य के पास आज भौतिक सुख-सुविधाओं की कोई कमी नहीं है, फिर भी उसके जीवन में वास्तविक प्रसन्नता का अभाव दिखाई देता है। इसका कारण है कि मनुष्य बाहरी उपलब्धियों में सुख तलाशता है, जबकि सच्चा सुख आत्मा की शुद्धता और आत्मबोध में निहित है। उन्होंने कहा कि धर्म केवल पूजा-पाठ अथवा मंदिर जाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका वास्तविक उद्देश्य मनुष्य के विचारों, व्यवहार और जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। जब धर्म जीवन में उतरता है, तभी आत्मिक शांति और वास्तविक आनंद की अनुभूति होती है।
गणमान्य लोगों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे उपस्थित
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बृज बहादुर एवं महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। नौ दिवसीय धार्मिक आयोजन का कुशल संचालन प्रसिद्ध मंच संचालक मनोज जैन बाकलीवाल ने किया। कार्यक्रम में वैभव जैन, अनिरुद्ध जैन, अभिनंदन जैन, आनंद जैन, हर्षवर्धन जैन, कार्तिकेय जैन, अनुज जैन, अभिषेक जैन, प्रतीक जैन, निर्मेश जैन, उमेश जैन, ऋषभ जैन, लवलेश जैन, अमन जैन और आशीष जैन सहित पीएनसी परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। इसके साथ ही दिगंबर जैन परिषद के अध्यक्ष जगदीश प्रसाद जैन, मीडिया प्रभारी राहुल जैन एवं शुभम जैन, जैन समाज के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आयोजन में सहभागिता की।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन