श्री मनःकामेश्वर मंदिर : मंगल गीतों से गूंजा मनःकामेश्वर मंदिर, तुलसी मैया के हाथों में रची मेहंदी
Pragya News 24
Thu, Nov 19, 2026
21 वर्षों से महिला मंडल निभा रहा तुलसी-शालिग्राम विवाह की परंपरा, शुक्रवार को निकलेगी भव्य वर यात्रा
आगरा। “मेहंदी रच गई हरे-हरे, तुलसी मैया के हाथ...” मंगल गीतों की मधुर स्वर लहरियों और भक्तिमय वातावरण के बीच श्री मनःकामेश्वर मठ मंदिर, रावतपाड़ा में तुलसी-शालिग्राम विवाह महोत्सव के अंतर्गत मेहंदी की रस्म पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हर्षोल्लास से संपन्न हुई। तुलसी महारानी को दुल्हन के रूप में सजाने की तैयारियों के बीच महिला मंडल की सदस्याओं ने मंगल गीत और भजन गाकर विवाहोत्सव की खुशियां मनाईं। विवाह गीतों से गूंजता मंदिर परिसर पूरी तरह मांगलिक और भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
इस अवसर पर श्री महंत योगेश पुरी ने कहा कि कार्तिक मास में तुलसी महारानी का पूजन और भगवान शालिग्राम के साथ उनका विवाह सुख, समृद्धि एवं मांगल्य का प्रतीक माना जाता है। श्री मनःकामेश्वर मठ मंदिर में पिछले 21 वर्षों से महिला मंडल द्वारा इस धार्मिक परंपरा का सामूहिक रूप से निर्वहन करना सराहनीय है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को धार्मिक मान्यताओं, संस्कारों और भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने बताया कि महिला मंडल की सदस्याएं विगत 21 वर्षों से कार्तिक मास में पूरे महीने सामूहिक रूप से तुलसी-शालिग्राम जी का विशेष पूजन करती आ रही हैं। इसी परंपरा के तहत विवाह से पूर्व लगुन, मेहंदी सहित विभिन्न मांगलिक रस्में पारंपरिक विधि-विधान से आयोजित की जाती हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह तुलसी-शालिग्राम जी का भव्य विवाह महोत्सव आयोजित होगा। इस दौरान वर यात्रा श्री मनःकामेश्वर मंदिर के परिक्रमा मार्ग से होकर निकाली जाएगी।
मेहंदी समारोह में दीप्ति गर्ग, कुमकुम, अनुभा, रानी, शिमला, अन्ना, रीता, नीता, रिंकी, दीपिका, मंजू, सुषमा, नीलिमा, रेखा सहित महिला मंडल की अनेक सदस्याओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
Agra Mirror
Agra Mirror News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन