श्री मनःकामेश्वर मंदिर : मंगल गीतों के बीच लिखी गई तुलसी-शालिग्राम विवाह की लगुन, 20 नवंबर को सजेगा भव्य मंडप
Pragya News 24
Wed, Nov 18, 2026
21 वर्षों से कार्तिक मास में सामूहिक तुलसी पूजन कर रहा श्री मनःकामेश्वर महिला मंडल, 19 नवंबर को होगा मेहंदी समारोह
आगरा। “लगुन आई हरे-हरे, मंगल गाओ हरे-हरे...” पारंपरिक विवाह गीतों की मधुर स्वर लहरियों और भक्तिमय उल्लास के बीच बुधवार को श्री मनःकामेश्वर मठ मंदिर, रावतपाड़ा में तुलसी-शालिग्राम विवाह की लगुन लिखने की रस्म विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। महिला मंडल की सदस्याओं ने पारंपरिक मंगल गीत गाकर विवाह की रस्मों को पूरा किया। गीत-संगीत और धार्मिक उत्साह से मंदिर परिसर मांगलिक वातावरण में सराबोर हो उठा।
श्री महंत योगेश पुरी ने बताया कि सनातन धर्म में कार्तिक मास का विशेष आध्यात्मिक एवं धार्मिक महत्व है। इस दौरान कार्तिक स्नान, तुलसी पूजन और तुलसी-शालिग्राम विवाह की परंपरा का विशेष पुण्य फल माना गया है। भगवान विष्णु के स्वरूप शालिग्राम जी और तुलसी महारानी का विवाह आस्था, समर्पण और मंगलमय जीवन का प्रतीक है।
मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने बताया कि श्री मनःकामेश्वर महिला मंडल की सदस्याएं पिछले 21 वर्षों से कार्तिक मास में पूरे महीने मंदिर परिसर में सामूहिक रूप से तुलसी-शालिग्राम जी का विशेष पूजन करती आ रही हैं। इसी धार्मिक परंपरा के अंतर्गत देवोत्थान एकादशी पर तुलसी-शालिग्राम विवाह महोत्सव का आयोजन किया जाता है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष 19 नवंबर को मेहंदी समारोह आयोजित होगा, जबकि 20 नवंबर को तुलसी-शालिग्राम जी का भव्य विवाह महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। विवाह समारोह के अंतर्गत वर यात्रा श्री मनःकामेश्वर मंदिर के परिक्रमा मार्ग से होकर निकाली जाएगी।
लगुन की रस्म के दौरान दीप्ति, कुमकुम, अनुभा, रानी, शिमला, अन्ना, रीता, नीता, रिंकी, मंजू और नीलिमा सहित महिला मंडल की सदस्याओं ने पारंपरिक मंगल गीत प्रस्तुत कर तुलसी-शालिग्राम विवाह की शुभ शुरुआत की।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन