मां पीतांबरा महायज्ञ : मां पीतांबरा के जयकारों से गूंजा आवास विकास, पुष्पवर्षा कर वेद यात्रा का किया भव्य स्वागत
Pragya News 24
Mon, Nov 2, 2026
2151 कुंडीय महामृत्युंजय मां पीतांबरा महायज्ञ के लिए जनजागरण अभियान तेज; गुरुदेव स्वामी रामदास जी महाराज के सानिध्य में निकली भव्य यात्रा
आगरा। मां पीतांबरा की भक्ति, वैदिक मंत्रोच्चार और जयकारों के बीच 2151 कुंडीय महामृत्युंजय मां पीतांबरा महायज्ञ का जनजागरण अभियान गति पकड़ने लगा है। इसी क्रम में आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर-6 में भव्य वेद यात्रा निकाली गई। यज्ञाधीश पूज्य गुरुदेव स्वामी रामदास जी महाराज के सानिध्य में निकली इस यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यात्रा के दौरान क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर स्थानीय भक्तों ने वेद भगवान की आरती उतारकर एवं पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। वेद भगवान के जयकारों और वैदिक मंत्रों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। यात्रा का उद्देश्य आगामी 12 से 22 दिसंबर तक शास्त्रीपुरम में आयोजित होने वाले चतुर्वेद विश्व कल्याणात्मक 2151 कुंडीय महामृत्युंजय मां पीतांबरा महायज्ञ के प्रति जनजागरण करना और अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को आयोजन से जोड़ना रहा। यात्रा का संयोजन राजेश चतुर्वेदी एवं उनकी टीम ने किया।
पूज्य स्वामी रामदास जी महाराज के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले इस विराट धार्मिक अनुष्ठान का उद्देश्य धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करने के साथ आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक समरसता और विश्व कल्याण की भावना को प्रोत्साहित करना है। महायज्ञ के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए आगामी दिनों में शहर के अन्य क्षेत्रों में भी वेद यात्राएं निकाली जाएंगी।
300 बीघा भूमि पर आकार ले रही भव्य यज्ञनगरी
शास्त्रीपुरम में प्रेम जेसीबी के निकट लगभग 300 बीघा भूमि पर महायज्ञ के लिए विशाल यज्ञनगरी का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। यहां करीब 3.60 लाख वर्गफीट क्षेत्र में भव्य यज्ञशाला तैयार की जा रही है। इसमें 2151 हवन कुंड स्थापित किए जाएंगे, जहां नौ दिनों तक वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां अर्पित की जाएंगी।
आयोजन में प्रतिदिन 2151 मुख्य यजमान अनुष्ठान में बैठेंगे। प्रत्येक हवन कुंड पर पांच श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था प्रस्तावित है। नौ दिनों में पांच करोड़ आहुतियां समर्पित करने का संकल्प लिया गया है।
यज्ञस्थल पर 60 आचार्य छप्पर की कुटियाओं में निवास कर प्रतिदिन वेदपाठ एवं साधना कर रहे हैं। परिसर में अखंड रामनाम संकीर्तन भी निरंतर जारी है। महायज्ञ को घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से अब तक लगभग 10 हजार अभिमंत्रित कलश वितरित किए जा चुके हैं। आयोजकों ने एक लाख कलश वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया है। श्रद्धालु इन कलशों को अपने घरों में स्थापित करेंगे और बाद में कलश यात्रा के माध्यम से यज्ञस्थल तक पहुंचाएंगे।
12 दिसंबर से शुरू होंगे धार्मिक अनुष्ठान
महायज्ञ के अंतर्गत 12 दिसंबर को सामूहिक उपनयन संस्कार का आयोजन होगा। 13 दिसंबर को मातृशक्ति की विशाल कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। वहीं, 14 दिसंबर को पंचांग पूजन, मंडप प्रवेश, वेदी पूजन एवं अरणी मंथन के माध्यम से अग्नि प्राकट्य किया जाएगा। इसके बाद 15 से 20 दिसंबर तक प्रतिदिन महाहवन होगा। 21 दिसंबर को पूर्णाहुति तथा 22 दिसंबर को विशाल भंडारे के साथ आचार्यों की विदाई होगी।
ये रहे उपस्थित
वेद यात्रा में आचार्य अनूप, आचार्य सुमित कृष्ण चतुर्वेदी, डॉ. रजनीश त्यागी, प्रमोद शिवहरे, संतोष पाण्डेय, डॉ. हरेंद्र सिंह चौहान, गोविंद चौधरी, संतोष सिकरवार, महेंद्र रघुवंशी, अरविंद गुप्ता, मनोज जादौन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन