Sun 22 Nov 2026
Breaking News Exclusive
एत्मादपुर में लगेगी भगवान परशुराम की भव्य प्रतिमा, सीटू चौहान ने की घोषणा रविवार से शुरू होगा सघन पल्स पोलियो अभियान, 6.81 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी दो बूंद जिंदगी की गिरिराज धरण, हम तेरी शरण... भक्ति और ब्रज संस्कृति के रंगों से सराबोर हुआ गोवर्धन महोत्सव गौसेवा की मिसाल: लायंस क्लब आकाश ने गौशाला को भेंट किया 250 मन भूसा वैदिक मंत्रोच्चार और मंगल गीतों के बीच संपन्न हुआ तुलसी-शालिग्राम विवाह श्याम नाम की मस्ती में झूम उठा खाटू नरेश का दरबार, दो रात तक गूंजे जन्मोत्सव के जयकारे घूंघट की ओट में सजी तुलसी मैया, शालिगराम जी संग वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रचाया विवाह वैदिक मंत्रोच्चार के बीच परिणय सूत्र में बंधे तुलसी-शालिग्राम, भव्य वरयात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब उत्तर विधानसभा क्षेत्र में 3.50 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का शिलान्यास भक्त प्रहलाद की अटूट भक्ति के आगे झुका हिरण्यकश्यप का अहंकार

सूचना

Pragya News 24 is News Blog to Providing all over News of World.

मां पीतांबरा महायज्ञ : लोककल्याण और विश्व शांति के संकल्प के साथ होगा 2151 कुंडीय महामृत्युंजय मां पीतांबरा महायज्ञ

Pragya News 24

Tue, Nov 17, 2026
Post views : 55

12 से 22 दिसंबर तक शास्त्रीपुरम में 300 बीघा भूमि पर सजेगी भव्य यज्ञनगरी, 2151 हवन कुंडों में अर्पित होंगी पांच करोड़ आहुतियां

13 दिसंबर को निकलेगी मातृशक्ति की विशाल कलश शोभायात्रा, एक लाख अभिमंत्रित कलश घर-घर पहुंचाने का लक्ष्य

आगरा। सनातन संस्कृति के संरक्षण, वैदिक परंपराओं के संवर्धन, आध्यात्मिक चेतना के जागरण और विश्व कल्याण की मंगलकामना के संकल्प के साथ आगरा में 2151 कुंडीय महामृत्युंजय मां पीतांबरा महायज्ञ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। मृत्युंजय मां पीतांबरा परिवार संस्था के तत्वावधान में 12 से 22 दिसंबर तक शास्त्रीपुरम स्थित जेसीबी चौराहे के निकट आयोजित होने वाले इस चतुर्वेद विश्व कल्याणात्मक महायज्ञ की तैयारियां व्यापक स्तर पर की जा रही हैं। आयोजन की रूपरेखा, आध्यात्मिक महत्व एवं उद्देश्यों से जनमानस को अवगत कराने के लिए यज्ञस्थल पर उद्घोषणा समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान पूज्य स्वामी रामदास जी महाराज के मार्गदर्शन में होने वाले महायज्ञ की विस्तृत जानकारी दी गई और शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनने का आह्वान किया गया।

यज्ञाधीश पूज्य स्वामी रामदास जी महाराज ने कहा कि यह महायज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि लोककल्याण, विश्व शांति, आध्यात्मिक उत्थान और सनातन चेतना के विस्तार का महाअभियान है। वैदिक परंपरा में यज्ञ को सृष्टि के संतुलन, पर्यावरण की शुद्धि, सकारात्मक ऊर्जा के संचार और जनकल्याण का माध्यम माना गया है। महायज्ञ के माध्यम से राष्ट्र की सुख-समृद्धि, समाज में सद्भाव, परिवारों में मंगल और संपूर्ण विश्व के कल्याण की कामना की जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से धर्म, सेवा, साधना और समर्पण के इस महाअभियान से जुड़ने की अपील की।

300 बीघा भूमि पर आकार ले रही भव्य यज्ञनगरी

संरक्षक हरिनारायण चतुर्वेदी ने बताया कि शास्त्रीपुरम में प्रेम जेसीबी के निकट लगभग 300 बीघा भूमि पर विशाल यज्ञनगरी विकसित की जा रही है। करीब 3.60 लाख वर्गफीट क्षेत्रफल में भव्य यज्ञशाला का निर्माण कराया जा रहा है, जिसमें 2151 हवन कुंड स्थापित होंगे। नौ दिनों तक वैदिक मंत्रोच्चार के बीच इन कुंडों में आहुतियां अर्पित की जाएंगी।

व्यवस्थापक टीपी सिंह ने बताया कि महायज्ञ में प्रतिदिन 151 मुख्य यजमान शामिल होंगे। नौ दिनों में पांच करोड़ आहुतियां अर्पित करने का संकल्प है। प्रतिदिन लगभग 34 हजार श्रद्धालुओं के आहुति देने की व्यवस्था की जा रही है। यज्ञ में सहभागिता के लिए क्यूआर कोड जारी किया गया है, जिसके माध्यम से निःशुल्क पंजीकरण कराया जा सकता है।

समन्वयक डॉ. रजनीश त्यागी ने बताया कि यज्ञस्थल पर 60 आचार्य छप्पर की कुटियाओं में निवास कर प्रतिदिन वेदपाठ एवं साधना कर रहे हैं। परिसर में अखंड रामनाम संकीर्तन भी निरंतर चल रहा है। यज्ञनगरी को वैदिक परंपराओं और आध्यात्मिक वातावरण के अनुरूप विकसित किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को भक्ति एवं साधना का दिव्य अनुभव मिल सके।

एक लाख अभिमंत्रित कलशों से घर-घर पहुंचेगा महायज्ञ का संदेश

महायज्ञ को जन-जन और घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत अब तक लगभग 20 हजार अभिमंत्रित कलशों का वितरण किया जा चुका है। आयोजन समिति ने एक लाख कलश वितरित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। श्रद्धालु इन कलशों को अपने घरों में श्रद्धापूर्वक स्थापित करेंगे और निर्धारित समय पर कलश यात्रा के माध्यम से यज्ञस्थल तक पहुंचाएंगे। इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक परिवार को महायज्ञ से जोड़कर सामूहिक धार्मिक चेतना का विस्तार करना है।

12 दिसंबर से वैदिक अनुष्ठान, 13 को निकलेगी विशाल कलश शोभायात्रा

महायज्ञ के कार्यक्रमों का शुभारंभ 12 दिसंबर को सामूहिक उपनयन संस्कार के साथ होगा। 13 दिसंबर को मातृशक्ति की विशाल कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। 14 दिसंबर को पंचांग पूजन, मंडप प्रवेश, वेदी पूजन एवं अरणी मंथन के माध्यम से अग्नि प्राकट्य होगा। इसके बाद 15 से 20 दिसंबर तक प्रतिदिन महाहवन आयोजित किया जाएगा। 21 दिसंबर को पूर्णाहुति के साथ मुख्य यज्ञ अनुष्ठान संपन्न होगा, जबकि 22 दिसंबर को विशाल भंडारे एवं आचार्य विदाई के साथ आयोजन का समापन होगा।

शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निकाली जाएंगी वेद यात्राएं

महायज्ञ के आध्यात्मिक महत्व और उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए शहर में व्यापक प्रचार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विभिन्न क्षेत्रों में वेद यात्राएं निकाली जा रही हैं, जिनके माध्यम से लोगों को वैदिक परंपराओं, यज्ञ के महत्व और आयोजन की जानकारी दी जा रही है। आगामी दिनों में शहर के अन्य क्षेत्रों में भी वेद यात्राओं का आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिकाधिक परिवार इस महाअनुष्ठान से जुड़ सकें।

उद्घोषणा समारोह में संरक्षक हरिनारायण चतुर्वेदी, गौरी शंकर सिंह सिकरवार, व्यवस्थापक टीपी सिंह, समन्वयक डॉ. रजनीश त्यागी, डॉ. पंकज नगाइच, कल्याण सिंह परमार, गोविंद सिंह, आचार्य शिवम द्विवेदी, आचार्य अनूप त्रिपाठी, संतोष खिरवार एवं आचार्य सुमित चतुर्वेदी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Tags :

Agra News

Pragya News

Uttar Pradesh News

UP News

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन