श्री गिरिराज जी सेवक मंडल परिवार : डांडिया की थाप और कान्हा के भजनों से ब्रजमय हुआ अग्रवन, छप्पन भोग मनोरथ का आगाज
Pragya News 24
Thu, Nov 12, 2026
अन्नकूट महोत्सव के साथ 56 भोग मनोरथ का हुआ शंखनाद, 20-21 दिसंबर को गोवर्धन में 11 हजार किलो व्यंजनों से सजेगा भव्य छप्पन भोग
आगरा। गिरिराज महाराज की आराधना, कान्हा के भजनों की मधुर स्वर लहरियां और डांडिया की थाप... रविवार को वाटर वर्क्स चौराहा स्थित अग्रवन में श्री गिरिराज जी सेवक मंडल परिवार, आगरा की ओर से आयोजित अन्नकूट महोत्सव में भक्ति, उल्लास और सांस्कृतिक परंपराओं का अनुपम संगम देखने को मिला। महिला सदस्यों ने राधा-कृष्ण के भजनों पर मनमोहक डांडिया प्रस्तुतियों से समां बांध दिया, वहीं धार्मिक प्रश्नोत्तरी में सदस्यों ने अपनी आध्यात्मिक एवं धार्मिक जानकारी का परिचय दिया। इस अवसर पर आगामी 56 भोग मनोरथ के आयोजन का भी विधिवत शंखनाद किया गया।
महोत्सव का शुभारंभ सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल, संस्था के चरण सेवक अजय गोयल, मनोज गर्ग, श्याम सुंदर माहेश्वरी, पवन कुमार अग्रवाल, मनीष गोयल एवं नीरज अग्रवाल ने श्री गोवर्धन महाराज का विधि-विधान से पूजन एवं आरती कर किया। इसके पश्चात समस्त श्री गिरिराज जी सेवक मंडल परिवार ने गोवर्धन महाराज की परिक्रमा कर आगामी 56 भोग मनोरथ के निर्विघ्न एवं सफल आयोजन की मंगलकामना की।
भजनों पर थिरके कदम, डांडिया से गूंजा ब्रज का उल्लास
अन्नकूट महोत्सव में महिला सदस्यों की डांडिया प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। 'राधे-राधे जपो चले आएंगे बिहारी', 'अरे द्वारपालों कन्हैया से कह दो', 'मधुबन में जो कन्हैया किसी गोपी से मिले', 'मैया यशोदा ये तेरा कन्हैया' और 'गोवर्धन गिरधारी, तेरी जय होवे' जैसे लोकप्रिय भजनों की धुनों पर महिलाओं ने आकर्षक डांडिया नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। भक्ति गीतों की स्वर लहरियों, थिरकते कदमों और राधे-राधे के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।
महोत्सव में संस्था के चरण सेवकों के लिए धार्मिक प्रश्नोत्तरी का भी आयोजन किया गया। इसमें भगवान श्रीकृष्ण, श्रीमद्भागवत एवं गोवर्धन लीला से संबंधित रोचक प्रश्न पूछे गए। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर अपनी धार्मिक एवं आध्यात्मिक जानकारी का प्रदर्शन किया। विजयी सदस्यों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
अन्नकूट से शुरू हुई भव्य छप्पन भोग मनोरथ की तैयारियां
संस्था के चरण सेवक अजय गोयल एवं पवन अग्रवाल ने बताया कि अन्नकूट महोत्सव के साथ ही 20 एवं 21 दिसंबर को गोवर्धन स्थित कार्ष्णि आश्रम, बड़ी परिक्रमा मार्ग पर आयोजित होने वाले दो दिवसीय भव्य छप्पन भोग मनोरथ की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ हो गया है। इस आयोजन का उद्देश्य अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को श्री गिरिराज महाराज की सेवा, आराधना एवं भक्ति से जोड़ना है। दो दिवसीय आयोजन में देशभर से श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
ये होंगे आगामी धार्मिक आयोजन
आयोजन की श्रृंखला में 23 नवंबर को गौशाला में गौ माता का छप्पन भोग, 7 दिसंबर को छप्पन भोग मनोरथ की विवरण पत्रिका का विमोचन तथा 9 दिसंबर को राम बारात मार्ग पर शहरवासियों को मनोरथ से जोड़ने के लिए आमंत्रण यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद 17 दिसंबर को मेहंदी महोत्सव और 18 दिसंबर को गोवर्धन में भट्टी पूजन होगा।
मुख्य आयोजन के तहत 20 दिसंबर को श्री गिरिराज जी महाराज की सप्तकोसीय दुग्धधार एवं पुष्प परिक्रमा के साथ गोवर्धन में भव्य भजन संध्या आयोजित होगी। वहीं, 21 दिसंबर को श्री गिरिराज महाराज का अलौकिक श्रृंगार, भव्य फूल बंगला, विभिन्न प्रकार के 11 हजार किलो व्यंजनों से सुसज्जित छप्पन भोग एवं वृहद भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम के संयोजक नितिन अग्रवाल, रजनीश गुप्ता एवं नरेश अग्रवाल रहे। इस अवसर पर योगेश बंसल, गौरव बंसल, रमाशंकर गुप्ता, मनीष बंसल, अभिषेक सिंघल, प्रदीप अग्रवाल, विष्णु गोयल, मनीष अग्रवाल, करण गोयल, अंकुश मित्तल, निखिल अग्रवाल, प्रवीण गोयल, सुनील मित्तल, बृजमोहन रैपुरिया, शेखर अग्रवाल, सीमा गोयल, स्वीटी गर्ग, उर्मिला माहेश्वरी, कविता अग्रवाल, निधि अग्रवाल, मनीषा गोयल, प्राची अग्रवाल एवं आरती बंसल सहित बड़ी संख्या में संस्था के सदस्य उपस्थित रहे।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन