बल्केश्वर महादेव मंदिर : बल्केश्वर महादेव मंदिर में गूंजे मंगलगीत, लोकगीतों से सजा लग्न उत्सव
Pragya News 24
Thu, Nov 19, 2026
देवउठनी एकादशी से पूर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया उत्सव, ब्रज की लोक संस्कृति की दिखी अनुपम छटा
आगरा। देवउठनी एकादशी से पूर्व बल्केश्वर महादेव मंदिर में आयोजित लग्न उत्सव आस्था, उल्लास और ब्रज की समृद्ध लोक संस्कृति के रंगों के बीच संपन्न हुआ। मंदिर परिसर पारंपरिक मंगलगीतों, लोकगीतों और भक्ति संगीत की मधुर स्वर लहरियों से गूंज उठा। ढोलक की थाप पर महिलाओं द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक गीतों ने पूरे वातावरण को मांगलिक और आध्यात्मिक बना दिया।
कार्यक्रम में भारतीय विवाह परंपराओं से जुड़े लोकगीत विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। महिलाओं ने ढोलक की थाप पर मंगलगीत प्रस्तुत कर सदियों पुरानी लोक विरासत को जीवंत किया। गीतों में विवाह संस्कारों की मिठास, पारिवारिक रिश्तों की आत्मीयता और देवी-देवताओं के प्रति अटूट श्रद्धा की झलक दिखाई दी। मधुर गीतों के बीच श्रद्धालु भी उत्सव के उल्लास में सहभागी बने।
धार्मिक मान्यता के अनुसार देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागृत होते हैं। इसके साथ ही हिंदू धर्म में विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है। इसी परंपरा को लोकाचार और सांस्कृतिक उल्लास के साथ प्रस्तुत करने वाला यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहा।
बल्केश्वर महादेव मंदिर के महंत कपिल नागर ने बताया कि लग्न उत्सव भारतीय संस्कृति में धर्म, संगीत और लोक परंपराओं के आपसी जुड़ाव का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और पारंपरिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
कार्यक्रम में वैभवी, श्रुति, कुसुम अग्रवाल, नीता अग्रवाल, सुनीता और लक्ष्मी सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे। कार्यक्रम की व्यवस्थाएं भोलानाथ अग्रवाल ने संभालीं।
आज होगा तुलसी-शालिग्राम विवाह, 23 नवंबर को दीपदान
मंदिर के सेवक अर्चित पांड्या ने बताया कि शुक्रवार को मंदिर परिसर में प्रातः 8 बजे से तुलसी-शालिग्राम विवाह का आयोजन किया जाएगा। वहीं, 23 नवंबर को बैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर दीपदान एवं देव दीपावली का आयोजन होगा। इस अवसर पर भक्तों की ओर से भक्तों के लिए भंडारे की भी व्यवस्था की गई है। आयोजन में सभी श्रद्धालु सहयोग कर सकते हैं।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
Agra Mirror
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन