श्रीकृष्ण लीला महोत्सव 2026 : आकाशवाणी से योगमाया के प्राकट्य तक, श्रीकृष्ण लीला महोत्सव में सजी भक्ति और आस्था की अनुपम झांकी
Pragya News 24
Sun, Nov 15, 2026
श्री लक्ष्मी-नारायण जी की आरती के साथ श्रीकृष्ण लीला महोत्सव-2026 की मंचीय लीलाओं का भव्य शुभारंभ, ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से गूंजा गौशाला प्रांगण
कंस के अत्याचार, देवकी-वसुदेव की कारागार लीला और भगवान के जन्म का हुआ भावपूर्ण मंचन, वृंदावन के कलाकारों ने अभिनय से जीवंत किए द्वापर युग के प्रसंग
आगरा। गोकुल में हरियाली, कोयल कूके डाली-डाली... आज री जन्म नंदलाल ने, खुशियां नंद गांव में... हीरे-मोती दिए लुटाए, लीला कैसी रे दिखाई गोपाल ने... इन भक्तिमय बधाई गीतों और ‘जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष के बीच रविवार को बल्केश्वर स्थित गौशाला प्रांगण में ऐतिहासिक श्रीकृष्ण लीला महोत्सव-2026 की मंचीय लीलाओं का भव्य शुभारंभ हुआ। 100 वर्ष से अधिक पुरानी इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा के अंतर्गत भगवान श्रीकृष्ण के जन्म प्रसंगों का मनोहारी मंचन किया गया। भगवान के दिव्य प्राकट्य का दृश्य सामने आते ही श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और पूरा परिसर ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से गूंज उठा।

मंचीय लीलाओं का शुभारंभ श्री लक्ष्मी-नारायण जी की विधिवत आरती के साथ हुआ। आरती श्रीकृष्ण लीला महोत्सव समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, पार्षद प्रदीप अग्रवाल, रविंद्र अग्रवाल, सीमा गोयल, महामंत्री विजय रोहतगी, अनूप गोयल, मनोज अग्रवाल, विनीत सिंघल, लक्ष्मण शर्मा, अशोक गोयल, मनोज बंसल, आयुष, गिर्राज बंसल, तनु गुप्ता एवं प्रियंका सहित समिति के सदस्यों ने की।
समिति अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि मुख्य संरक्षक डॉ. विजय किशोर बंसल के मार्गदर्शन में आयोजित यह ऐतिहासिक महोत्सव आगरा की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं के माध्यम से समाज को धर्म, भक्ति, प्रेम और सदाचार का संदेश दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सोमवार को शाम 6:30 बजे बल्केश्वर चौराहे से गौशाला प्रांगण तक नंद सखा की भव्य सवारी निकाली जाएगी। इसके बाद लीला मंच पर नंदोत्सव का मंचन होगा, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की खुशी में गोकुल में मनाए गए उत्सव का मनोहारी चित्रण किया जाएगा। उन्होंने शहरवासियों से सवारी और मंचीय लीला में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की।

कंस के अत्याचारों से शुरू हुई भगवान श्रीकृष्ण के अवतरण की कथा
स्वामी हरिगोविंद जी महाराज के शिष्य स्वामी प्रदीप कृष्ण ठाकुर जी महाराज, श्री रस बिहारी कृपा सेवक ट्रस्ट, वृंदावन के निर्देशन में मंचीय लीलाओं का भावपूर्ण मंचन किया गया। लीला का प्रारंभ कंस द्वारा अपनी बहन देवकी और वासुदेव के विवाह प्रसंग से हुआ। विवाह के बाद कंस स्वयं रथ हांककर अपनी बहन को विदा करने जा रहा था, तभी आकाशवाणी हुई कि देवकी का आठवां पुत्र ही उसके अंत का कारण बनेगा।
आकाशवाणी सुनते ही कंस क्रोधित हो उठा और उसने देवकी तथा वासुदेव को कारागार में बंद कर दिया। इसके बाद रोहिणी जी के ब्रजगमन और बलराम जी के जन्म का प्रसंग मंचित किया गया। दूसरी ओर कंस के अत्याचारों से त्रस्त पृथ्वी गौ का रूप धारण कर देवताओं के साथ क्षीरसागर पहुंची और भगवान विष्णु से अपनी पीड़ा व्यक्त की। देवताओं ने स्तुति करते हुए भगवान से यदुवंश में अवतार लेने की प्रार्थना की। इस पर भगवान विष्णु ने वासुदेव के यहां श्रीकृष्ण रूप में जन्म लेने का आश्वासन दिया।

देवकी की संतानों के वध और मथुरा के आतंक का हुआ मंचन
लीला के अगले प्रसंग में नारद जी का कंस के दरबार में पहुंचना, कंस द्वारा देवकी की छह संतानों का वध करना और उसके बढ़ते अत्याचारों के दृश्यों का प्रभावशाली मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय से मथुरा में व्याप्त भय और आतंक के वातावरण को जीवंत कर दिया। इन मार्मिक दृश्यों ने दर्शकों को भावुक कर दिया।
इसके बाद कारागार में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की सुंदर झांकी सजाई गई। वासुदेव और देवकी के समक्ष भगवान के दिव्य स्वरूप के दर्शन कराए गए। इसके पश्चात वासुदेव जी द्वारा नवजात श्रीकृष्ण को टोकरी में रखकर यमुना पार गोकुल ले जाने का दृश्य प्रस्तुत किया गया। मार्ग में यमुना का रास्ता देना और नंद बाबा के घर नवजात कन्या को रखकर वापस लौटने के प्रसंगों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
योगमाया ने कंस को कराया उसके अंत का आभास
लीला के अंतिम प्रसंग में पहरेदारों द्वारा कन्या के जन्म का समाचार कंस तक पहुंचाने और उसके कन्या का वध करने के लिए कारागार पहुंचने का दृश्य दिखाया गया। जैसे ही कंस ने कन्या को मारने का प्रयास किया, योगमाया उसके हाथों से छूटकर आकाश में प्रकट हुईं और अष्टभुजा देवी के दिव्य स्वरूप में दर्शन देते हुए भविष्यवाणी की कि उसका काल जन्म ले चुका है।
यह दृश्य देखकर कंस भयभीत और विचलित हो उठा। अंत में कंस द्वारा अपने कृत्य पर पश्चाताप करते हुए देवकी और वासुदेव से क्षमा याचना करने का प्रसंग प्रस्तुत किया गया। वृंदावन के कलाकारों के प्रभावशाली अभिनय, सजीव झांकियों और भक्तिमय वातावरण ने श्रीकृष्ण जन्म की लीला को श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय बना दिया।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन