साहित्यिक : आगरा की गलियों से साहित्यिक विरासत तक, अरुण डंग की पुस्तक ‘आगरे का है’ का विमोचन
Pragya News 24
Sat, Nov 14, 2026
अरुण डंग की पुस्तक का भव्य लोकार्पण, आगरा की संस्कृति, विरासत, साहित्य और शहरवासियों के जीवन के विविध पहलुओं को 30 आलेखों में किया गया प्रस्तुत
आगरा। आगरा की गलियों, यहां की संस्कृति, साहित्यिक विरासत और शहरवासियों के जीवन से जुड़े अनूठे पहलुओं को समेटे अरुण डंग की पुस्तक ‘आगरे का है’ का शनिवार को होटल ग्रांड में भव्य लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर पद्मश्री डॉ. आरएस पारीक ने पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि इसे पढ़कर उन गलियों और बचपन की यादें ताजा हो गईं, जहां हम खेलते-कूदते बड़े हुए। यह पुस्तक हमारी संस्कृति और विरासत से आत्मीय परिचय कराती है। साहित्यिक उपवन में यह एक खिला हुआ सुंदर और खुशबूदार फूल है, जिसे अरुण डंग ने बड़ी आत्मीयता से लिखा है।
डॉ. पारीक ने भारतीय संस्कृति का उल्लेख करते हुए कहा कि ऋग्वेद से लेकर हमारी प्राचीन साहित्यिक परंपराओं तक भारतीय संस्कृति की समृद्धि दिखाई देती है। हमें अपनी संस्कृति पर गौरव महसूस करना चाहिए और पश्चिमी संस्कृति के प्रभाव में अपनी विरासत को कमतर नहीं आंकना चाहिए। उन्होंने कहा कि कालिदास की तुलना शेक्सपियर से नहीं की जानी चाहिए, क्योंकि कालिदास का साहित्यिक व्यक्तित्व अत्यंत विराट है।
साहित्य संगीत संगम एवं चेतना इंडिया के सहयोग से आयोजित इस समारोह में लेखक अरुण डंग ने पुस्तक की रचना प्रक्रिया पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आगरा पर अब तक लिखे गए अधिकांश साहित्य में शहर के इतिहास को विभिन्न शासकों के कालखंडों के आधार पर प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने इस पुस्तक में आगरा को अलग-अलग विषयों के माध्यम से समझने और यहां के लोगों, संस्कृति, साहित्य तथा जीवनशैली को सामने लाने का प्रयास किया है। उन्होंने बताया कि मशहूर शायर मिर्जा गालिब ने आगरा को ‘शहर-ए-सुखन’ कहा था। ऐतिहासिक दृष्टि से आगरा बागों का शहर भी रहा है।
अरुण डंग ने कहा कि नजीर अकबराबादी और मिर्जा गालिब की रचनाओं ने उन्हें हमेशा प्रभावित किया है। आगरा विभिन्न संस्कृतियों का संगम है और इसकी यही विशेषताएं पुस्तक लेखन की प्रेरणा बनीं। उन्होंने बताया कि बाल दिवस के साथ 14 नवंबर का ऐतिहासिक महत्व भी है, क्योंकि इसी दिन ब्रिटिश शासनकाल में आगरा प्रेसीडेंसी की स्थापना हुई थी।
संगीत प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह में प्रसिद्ध गजल गायक सुधीर नारायण ने नजीर अकबराबादी की रचना ‘आगरे का है...’ प्रस्तुत कर श्रोताओं को आगरा की साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया। इसके बाद अमीर खुसरो की प्रसिद्ध रचना ‘छाप तिलक सब छीनी रे मोसे नैना मिलाइके...’ की प्रस्तुति ने माहौल को संगीतमय बना दिया। गायन में खुशी सोनी, प्रीति कुमारी, अमन शर्मा और हर्षित पाठक ने सहयोग किया। तबले पर राज मैसी, की-बोर्ड पर अशोक कुमार और बांसुरी पर अक्ष यादव ने संगत की।
कार्यक्रम का संचालन सुशील सरित ने किया। लेखक अरुण डंग का परिचय देते हुए उन्होंने कहा कि जुनून और साधना की बदौलत व्यक्ति ऐसी ऊंचाइयों तक पहुंचता है, जहां पहुंचने के निशान फरिश्तों के लिए भी दुर्लभ होते हैं।
पांच खंडों में समेटे आगरा के विविध आयाम
लगभग 200 पृष्ठों की इस पुस्तक में पांच खंडों के अंतर्गत 30 आलेख शामिल किए गए हैं। पुस्तक आगरा के इतिहास, साहित्य, संस्कृति और विभिन्न सामाजिक पहलुओं को नए दृष्टिकोण से प्रस्तुत करती है। समारोह का शुभारंभ विमला डंग, रेखा डंग, आर्किटेक्ट शशि शिरोमणि एवं प्रो. वीना शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सरस्वती वंदना कु. पूजा तोमर ने प्रस्तुत की।
अतिथियों का स्वागत करते हुए दुर्ग विजय सिंह दीप ने कहा कि यह आयोजन आगरा के उन सभी प्रेमियों को समर्पित है, जो गर्व से स्वयं को ‘आगरे का’ कहते हैं।
मुख्य वक्ता प्रो. वीना शर्मा ने पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि बिहारी सतसई की तर्ज पर इसमें शामिल 30 आलेख गागर में सागर के समान हैं। अरुण डंग ने गहन विचार-मंथन और शोध के बाद आगरा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को पुस्तक के रूप में संकलित किया है।
इस अवसर पर अरुण डंग ने पुस्तक की प्रथम प्रति डॉ. आरएस पारीक को भेंट की। इसके बाद डॉ. पारीक, शशि शिरोमणि, प्रो. वीना शर्मा, विमला डंग, रेखा डंग, प्रेमा डंग, राधिका डंग, धारा, संकल्प, सृष्टि एवं बत्रा सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से पुस्तक का लोकार्पण किया।
समारोह में रक्षा संपदा अधिकारी यशपाल सिंह, पूरण डावर, अशोक अश्रु, रामनाथ, रामकुमार अग्रवाल, प्रो. लवकुश मिश्रा, डॉ. महेश शर्मा, कर्नल शिव कुंजरू, रवि शिरोमणि, डॉ. मधु भारद्वाज, विजय गोयल, गायत्री, हरीश अग्रवाल, आरिफ तैमूरी, विजया तिवारी, दिनेश श्रीवास्तव, डॉ. महेश धाकड़, अनिल शुक्ला, श्रीकृष्ण, ब्रजेंद्र, प्रो. ब्रजेश चंद्रा, मोहन कुशवाहा, योगीराज, प्रो. विनोद माहेश्वरी, दिलीप रघुवंशी, प्रो. नसरीन बेगम, हरीश भदोरिया, अशोक राठी, सुधीर शर्मा, चंद्रशेखर शर्मा, यशपाल, फैज अली शाह, राकेश निर्मल, आरएस तिवारी, आदर्श नंदन, डॉ. शैल बाला, प्रो. सुषमा सिंह, रमा वर्मा, निशु एवं अभय पोताडे सहित अनेक साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन