: पालकी में बैठ भक्तों को दर्शन देने निकलेंगे श्रीवरद वल्लभा महा गणपति
Sat, May 4, 2024
छलेसर-फिरोजाबाद रोड स्थित श्रीवरद वल्लभा महागणपति मंदिर का आज है वार्षिकोत्सव
सुबह से सायं तक होंगे दिव्य आयोजन, दक्षिण भारतीय शैली का बना है महागणपति का मंदिर
बिखरेगी दक्षिण भारतीय सांस्कृतिक छटा, इंडियाज गॉट टैलेंट फेम क्रेजी हॉपर की प्रस्तुति
आगरा। वैदिक मंत्रों के उच्चारण और दक्षिण भारतीय पूजन पद्वति के साथ श्री वरद वल्लभा महागणपति मंदिर का वार्षिकोत्सव 5 मई रविवार को सुबह से आरंभ हो जाएगा।
फिरोजाबाद-छलेसर रोड पर बने दक्षिण भारतीय शैली के श्रीवरद वल्लभा महागणपति मंदिर का रविवार को द्वितीय वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। आयोजक हरिमोहन गर्ग ने बताया कि सुबह वैदिक विधि से पूजन के बाद सायंकाल 6 बजे गणेश जी की पालकी मंदिर परिसर में निकाली जाएगी। इसके बाद सायं 7 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम में उत्तर भारत में दक्षिण भारतीय और महाराष्ट्रीय संस्कृति की छटा बिखरेगी। जिसके अन्तर्गत कथककली, नासिक ढोल, लावणी नृत्य एवं इंडियाज गॉट टैलेंट फेम क्रेजी हॉपर अपनी आकर्षक प्रस्तुति देंगे। 50 से अधिक कलाकार सांस्कृतिक संध्या को अपनी प्रस्तुति से सजाएंगे।
महोत्सव कांचीपुरम् से भरनीधरन आर के सानिध्य में पूर्ण होगा एवं यज्ञाचार्य सबरी राजन भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। मंदिर परिसर को विशेष फूलों से दुल्हन की भांति सजाया गया है।
: जीवनीमंडी यूपीएचसी ने तीसरी बार हासिल किया कायाकल्प अवॉर्ड
Fri, May 3, 2024
शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जीवनीमंडी में आयोजित हुआ कायाकल्प पुरस्कार वितरण समारोह
कायाकल्प अवार्ड योजना में प्राप्त किए 82 परसेंट अंक
यूपीएचसी जीवनीमंडी पर सीएमओ ने बांटे पुरुस्कार
आगरा, 03 मई 2024। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत कायाकल्प अवार्ड योजना में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जीवनीमंडी को तीसरी बार कायाकल्प अवॉर्ड मिला है । कायाकल्प अवार्ड योजना के तहत यूपीएचसी जीवनीमंडी ने 82 परसेंट अंक प्राप्त कर जनपद में द्वितीय स्थान हासिल किया है। इस अवसर पर शुक्रवार को यूपीएचसी पर कायाकल्प पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रमाण-पत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
सीएमओ ने कहा कि यूपीएचसी जीवनीमंडी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए लगातार अच्छा कार्य करता है। स्वास्थ्य केंद्र का रखरखाव, साफ-सफाई, इनफेक्शन कंट्रोल, सहयोगी सेवाएं और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाता है। इस कारण शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जीवनीमंडी को तीन साल से लगातार कायाकल्प अवॉर्ड मिल रहा है।
शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जीवनीमंडी प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना शर्मा ने बताया कि वह और उनकी पूरी टीम विभाग द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करते हुए लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचा रही हैं। उन्होंने कहा कि कायाकल्प पुरस्कार मिलना टीम की मेहनत से हीं संभव हुआ है। डॉ. मेघना शर्मा ने बताया कि मरीजों को बेहतर सुविधा प्रदान करने वाली चिकित्सा इकाइयों को कायाकल्प से सम्मानित किया जाता है। आंतरिक व बाह्य मूल्यांकन में बेहतर प्रदर्शन करने वालों का चयन अवार्ड के लिए किया जाता है। इसमें साफ-सफाई, अभिलेखों का रखरखाव, दवा आदि का प्रबंधन, बायोवेस्ट मैनेजमेंट जैसे बिदु शामिल होते हैं।
कार्यक्रम में डीपीएम कुलदीप भारद्वाज, जिला क्वालिटी कंसल्टेंट सलाहकार डॉ. राम विपुल, स्टाफ नर्स अंजली, नीरज, एलटी राजीव तिवारी, सीफार संस्था से डिविजनल कोऑर्डिनेटर राना बी, पीएसआई इंडिया सोनल सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहे।
इन आधारों पर होता है मूल्यांकन
• अस्पताल का रखरखाव
• स्वच्छता व साफ-सफाई
• बायोमेडिकल बेस्ट मैनेजमेंट
• इंफेक्शन कंट्रोल प्रैक्टिसेज
• हाईजीन प्रमोशन
: अमृतवेले के पावन समागम में बह रही अमृत रसधारा
Fri, May 3, 2024
आगरा। गुरुद्वारा विजय नगर कॉलोनी में आयोजित भव्य कीर्तन दरबार में अमृतवेले अमृत नाम की पवित्र अमृत धारा बह रही है। नगर के सभी के प्यारे कीर्तनकार वीर महेंद्र पाल सिंह ने अपनी मधुर रचना से गुरबाणी का गायन कर सभी का मन मोह लिया। सर्वप्रथम सुबह 4 बजे से नितनेम की वाणी के बाद रिंकू वीर जी के अमृतमई कीर्तन का सभी ने रसास्वादन किया। प्यारे वीर महेंद्र पाल सिंह ने अपनी मधुर रचना द्वारा ‘कीरत प्रभ की गाओ मेरी रसना’ का गायन किया उसके पश्चात शुकराने रूप में ‘सुख तेरा दिता लहीयै‘ का गायन कर सभी का मन मोह लिया। उन्होंने कहा कि हमें यह देखकर नहीं रोना चाहिए कि परमेश्वर ने हमें यह नहीं दिया बल्कि हमें यह देखकर खुश होना चाहिए कि जो प्रभु ने हमें दिया उतना कईयों को नहीं दिया। उसके पश्चात उन्होंने ‘तू दाता दातार तेरा दिता खावना’ का बहुत ही मनोहारी अंदाज में गायन किया
इस आयोजन में अमृतवेला पंजवानी परिवार द्वारा सभी संगत शुकराना किया श्री मदनलाल पंजवानी के 90 वें जन्मदिन की खुशी अमृतवेला परिवार साध संगत ने गुरु के दर मनाईं। समाप्ति पर गुरु महाराज के अटूट लंगर का वितरण हुआ और उसके बाद मूक बधिर संकेत राजकीय विद्यालय विजयनगर कॉलोनी पर सभी मूक बधिर बच्चों को उपहार स्वरूप स्कूल की ड्रेस पेंट शर्ट शूज सोक्स लजीज व्यंजन वितरित किए गए और गुरु का लंगर कराया गया।
अमृतमई कीर्तन समागम में सरदार हरजिंदर सिंह, विजय पंजवानी, वासदेव भागचंद, गुरु सेवक श्याम भोजवानी, विकास व्यानी, गुरमुख भाई, बबलू व्यानी, संजय जटाना, रिंकू गुलाटी, मनजीत सिंह, सुरेंद्र सलूजा, गोरू भाई, गुरमीत सिंह सेठी, परमानंद आतवानी, रविंद्र सिंह, देवेंद्र पाल, चोहेतराम, ज्योति कौर, सिंह, गुरदीप लूथरा, पप्पी आदि गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।