: आगरा के एक और दरोगा पर गंभीर आरोप, कार्रवाई की मांग
Wed, Jun 26, 2024
Agra. आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने थाना एत्माद्दौला के रामबाग चौकी पर तैनात दरोगा वैभव कुमार द्वारा एक पीड़ित को गाली व धमकी देने के आरोपों की जांच करा कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
डीजीपी तथा पुलिस कमिश्नर, आगरा को भेजी अपनी शिकायत के साथ उन्होंने दरोगा वैभव और पीड़ित की एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग भेजी है। ऑडियो में पीड़ित से गाली गलौज, धमकी और जबरन राजीनामा का प्रयास है। इसमें दरोगा अपशब्दों के साथ 'तेरी ऐसी तैसी कर दूंगा, वही आकर मारते मारते ले आऊंगा, महिलाओं को भी ले आऊंगा, तेरी घरवाली को भी उठा लाऊंगा" जैसी बातें कह रहा है।
अमिताभ ठाकुर ने इसे गंभीर प्रशासनिक कदाचार बताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। वहीं दूसरी ओर दरोगा की धमकी से पीड़ित परिवार डरा हुआ है। देखना होगा कि इस मामले में आगरा पुलिस क्या एक्शन लेती है।
: शीघ्र शुरू होगा आगरा में सिविल एयरपोर्ट शिफ्टिंग प्रोजेक्ट पर कार्य
Wed, Jun 26, 2024
एयर कनेक्टिविटी में आगरा की जरूरतों के अनुरूप बढ़ोतरी की जाए
आगरा। आगरा में सिविल एयरपोर्ट को धनौली में बनाये जाने (शिफ्ट करने) का कार्य शुरू शीघ्र ही शुरू होगा। इसके लिए अधिकांश औपचारिकताएं पूरी हो गयी है, जो रह गयी हैं उनका भी निराकरण जल्दी हो जायेगा। एयरपोर्ट के नये डायरेक्टर योगेन्द्र तोमर ने सिविल सोसायटी ऑफ आगरा के प्रतिनिधि मंडल को शिष्टाचार मुलाकात के दौरान बताया कि केन्द्रीय मंत्री प्रो.एसपी सिंह बघेल नये एयरपोर्ट पर शीघ्र कार्य शुरू करवाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं, जहां भी जरूरत होती है उनका सहयोग मिल रहा है।
सिविल सोसायटी ऑफ आगरा के द्वारा अपेक्षित की गयी एक जानकारी में एयरपोर्ट डायरेक्टर ने कहा कि अधिग्रहित की गई अतिरिक्त 92 एकड़ जमीन को एयरपोर्ट अथॉरिटी द्वारा कब्जे में लिया जा चुका है, बाउंड्री बनाये जाने का कार्य भी अथॉरिटी के द्वारा ही करवाया जायेगा।
460 पेड़ों के पातन के लिये सुप्रीम कोर्ट की अनुमति
एक अन्य जानकारी में उन्होंने बताया कि इस जमीन पर खड़े करीब 460 पेड़ों के पातन को अनिवार्य प्रक्रिया के तहत सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की जा चुकी है, लेकिन अब निर्माण कार्य शुरू करने में विलंब नहीं होगा। केन्द्रीय मंत्री प्रो. बघेल के साथ बैठक कर वस्तुस्थिति का आंकलन कर आगे की कार्यनीति के लिये विमर्श किया जायेगा। उन्होंने कहा कि सबसे पहले 55 एकड़ जमीन पर निर्माण शुरू होगा, जिसके लिए सुप्रीम कोर्ट से पहले ही मंजूरी मिली हुई है और निर्धारित कार्यों के लिये टेंडर प्रक्रिया पाइप लाइन में है।
ग्रीन कवर बढाने को प्रतिबद्धता
जिस जमीन पर कार्य शुरू होना है, उस पर केवल 12 पेड़ों का ही पातन होगा, जिसके लिये अनुमति औपचारिकता पूरी की जा चुकी है। उन्होने बताया कि एयरपोर्ट अथॉरिटी की जहां भी अवस्थापनायें ग्रीन कवर को सघन करने और पर्यावरण अनुकूलता को लेकर प्रतिबद्धता रहती है। आगरा में भी इसके लिये हर संभव कोशिश रहेगी ।
एयर रूटो में हो बढावा
सिविल सोसायटी ऑफ आगरा ने भारत सरकार की रीजनल एयर कनेक्टिविटी योजना के तहत कई अन्य रूटो से आगरा को जोड़ने की अपेक्षा की है। इनमें कोलकता ,चेन्नई और श्रीनगर मुख्य हैं। आगरा-प्रयागराज के बीच सेवा शुरू करने की मांग भी उठाई गयी। एयरपोर्ट डायरेक्टर ने कहा कि एयर ट्रैवलर और ट्रैफिक की शीघ्र ही समीक्षा करेंगे। अगर व्यवहारिकता संभव हुई तो प्रयास करेंगे। योगेन्द्र तोमर ने कहा कि आगरा आने वाली और यहां से जाने वाली फ्लाइटों में निश्चित रूप से यात्रियों की संख्या निरंतर बढ रही है, जो स्थानीय हितों और एयर कनेक्टिविटी बढाये जाने को दृष्टिगत अपने आप में सकारात्मक पक्ष है।
एयरपोर्ट ट्रैवलर लाऊंज
अर्जुन नगर गेट के पास एयर फोर्स स्टेशन परिसर में सिविल एयरपोर्ट के यात्रियों के लिये बनाई जा रही ‘ट्रैवलर लॉउंज ‘ की स्थिति के बारे में पूछे जाने पर बताया कि अब यह बनकर तैयार है, इसका उपयोग एयरफोर्स स्टेशन से क्लीयरेंस के बाद ही संभव हो सकेगा।
उल्लेखनीय है कि आगरा की अवस्थापना सेवाओं को अब तक केवल पर्यटकों की जरूरत के अनुरूप ही प्रबंधित व व्यवस्थित किया जाता रहा ,लेकिन मौजूदा दौर में स्थानीय नागरिकों की आवश्यकताओं एवं स्थलीय विशिष्टताओं के अनुरूप सुविधाओं महत्व दिये जाने की अपेक्षा सिविल सोसायटी ऑफ आगरा इसी परिप्रेक्ष्य में आगरा की एयर ट्रैवल सुविधाओं का विकास चाहती है। सिविल एन्क्लेव आगरा के डायरेक्टर योगेन्द्र तोमर ने सिविल सोसायटी ऑफ आगरा के प्रतिनिधि मंडल के दृष्टिकोण से सहमति जताते हुए कहा कि निश्चित रूप से डोमेस्टिक एयर ट्रैवलर बढ रहे है, आगरा के लिये नई एयर कनैक्टिविटी बढोत्तरी का प्रयास करेंगे।
सिविल सोसाइटी ऑफ आगरा के प्रतिनिधि मंडल में शिरोमणि सिंह, राजीव सक्सेना और अनिल शर्मा थे.
: नौ माह से पांच वर्ष तक के बच्चे को अवश्य पिलाएं विटामिन ए की खुराक
Wed, Jun 26, 2024
आज से शुरू होगा विटामिन ए सम्पूरण अभियान शुरू, सत्र स्थल पर बच्चों को दी जाएगी विटामिन ए की खुराक
एक माह तक चलेगा अभियान
नौ माह से पांच वर्ष की उम्र तक नौ बार विटामिन ए की खुराक लेना है अनिवार्य
आगरा। विटामिन ए का सेवन बच्चों में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के साथ- साथ विभिन्न बीमारियों से भी बचाव करता है । इसी उद्देश्य से बच्चों में विटामिन ए की कमी को दूर करने के लिए बुधवार (26 जून) से विटामिन ए सम्पूरण अभियान का शुभारंभ किया जायेगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि यह अभियान एक माह तक चलेगा। प्रत्येक बुधवार और शनिवार को नियमित टीकाकरण और छाया ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता व पोषण दिवस के सत्र स्थल पर बच्चों को विटामिन ए की खुराक दी जाएगी । प्रत्येक बच्चे को नौ माह से पांच वर्ष की उम्र तक नौ बार विटामिन ए की खुराक लेना अनिवार्य है ।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि विटामिन ए की खुराक बच्चों को कुपोषण, मिजल्स, डायरिया और रतौंधी से बचाती है । यह बच्चे के विकास में मददगार है। इसके सेवन से निमोनिया और डायरिया का खतरा कम हो जाता है। शरीर में विटामिन ए की कमी से रोग प्रतिरोधक क्षमता घटती है। आंख कमजोर होने की आशंका होती है। इससे बच्चे के शरीर बढ़ने में भी कमी आ सकती है। बच्चे को कमजोरी महसूस होती है। इसकी खुराक नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में एमआर टीके के प्रथम और दूसरे डोज के दौरान दी जाती है । इसके बाद तीसरी से नौंवी खुराक अभियान के दौरान प्रत्येक छह माह पर दी जाती है। नौ माह से एक वर्ष तक के बच्चे को आधा चम्मच (1 एमएल) और एक वर्ष से पांच वर्ष तक के बच्चे को पूरा चम्मच (2 एमएल) दवा पिलाना अनिवार्य है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. संजीव वर्मन ने बताया कि जनपद में लगभग 52 लाख की आबादी है। अभियान के दौरान नौ माह से बारह माह तक के 65531 बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलाने का लक्ष्य है । एक वर्ष से दो वर्ष तक के 1.25 लाख बच्चों को और दो से पांच वर्ष तक के 3.87 लाख बच्चों को विटामिन ए की खुराक दी जाएगी । अभियान के दौरान नौ माह से पांच वर्ष तक के कुल पांच लाख 78 हजार बच्चों को विटामिन ए की दवा पिलाई जाएगी