भारत विकास परिषद नवज्योति : गरबा की मस्ती, डांडिया की खनक, नवज्योति ने अपनों संग मनाया खुशियों का उत्सव
Pragya News 24
Thu, Oct 15, 2026
आगरा। नवरात्रि की भक्ति, गरबा की थिरकन, डांडिया की खनक और अपनों के साथ ने उत्सव की शाम को यादगार बना दिया। भारत विकास परिषद नवज्योति की ओर से विजय नगर कॉलोनी स्थित स्पोर्ट्स बज में ‘एक शाम अपनों के नाम, खुशियों के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे सदस्यों ने गरबा और डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। संगीत, नृत्य और आत्मीय मेल-मिलाप से सजी शाम में नवरात्रि का उल्लास देखते ही बना।
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्रज प्रांत से बसंत गुप्ता एवं प्रमोद सिंघल, परिषद अध्यक्ष सीए दीपिका मित्तल, सचिव नितिन अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अंकुर अग्रवाल और महिला सहभागिता प्रमुख मंजू गुप्ता ने मां भगवती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद मां भगवती को समर्पित गरबा-डांडिया की संगीतमय संध्या का आगाज हुआ। मधुर संगीत की धुनों पर पारंपरिक गरबा के कदम थिरके तो डांडिया की खनक ने माहौल को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया। गरबा की गोलाकार मंडलियों और सामूहिक नृत्य ने आयोजन में चार चांद लगा दिए।
सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर है नवरात्रि
परिषद अध्यक्ष सीए दीपिका मित्तल और सचिव नितिन अग्रवाल ने कहा कि नवरात्रि केवल मां भगवती की आराधना का पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का भी अवसर है। ‘एक शाम अपनों के नाम, खुशियों के नाम’ कार्यक्रम का उद्देश्य सदस्यों और उनके परिवारों को एक मंच पर लाकर त्योहार की खुशियां साझा करना, आपसी संबंधों को मजबूत करना और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाना है।
गरबा-डांडिया एकता और सामूहिक उल्लास के प्रतीक
कोषाध्यक्ष अंकुर अग्रवाल और महिला सहभागिता प्रमुख मंजू गुप्ता ने कहा कि गरबा और डांडिया केवल नृत्य की विधाएं नहीं, बल्कि सामूहिक उल्लास, एकता और सकारात्मक ऊर्जा के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन सदस्यों को एक-दूसरे के करीब लाने के साथ सामाजिक समरसता और आत्मीयता को भी बढ़ावा देते हैं।
उत्साह और उमंग के बीच साझा कीं खुशियां
संगीत, पारंपरिक वेशभूषा और नृत्य से सजी इस संध्या में सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हंसी-खुशी और आत्मीयता के माहौल में सभी ने एक-दूसरे के साथ खुशियों के पल साझा किए। आयोजन ने नवरात्रि के पारंपरिक रंगों के साथ आपसी सौहार्द और सांस्कृतिक एकजुटता की सुंदर छटा प्रस्तुत की।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में शशि अग्रवाल, नीता अग्रवाल, डॉ. जूही सिंघल, निधि बंसल, निधि अग्रवाल, डॉ. कल्पना अग्रवाल, रौनक गुप्ता, सोनल भटनागर, सोनिया अग्रवाल, नीलू जैन, शिल्पी अग्रवाल, भावना भार्गव, शिल्पी मित्तल, राधिका मित्तल, सोनिया गर्ग सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन