कैस्पर्स होम : बेजुबानों को भोजन कराने पर विवाद, कैफे संचालक से मारपीट का आरोप
Pragya News 24
Wed, Oct 14, 2026
आगरा। सिकंदरा क्षेत्र के भावना एस्टेट में कुत्तों को खाना खिलाने को लेकर हुए विवाद में कैफे संचालक रवि चतुर्वेदी के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने कुछ लोगों पर सिर फोड़ने, गाली-गलौज करने, जान से मारने की धमकी देने और कैफे में तोड़फोड़ कर संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है। मामले में एफआईआर दर्ज न होने का आरोप लगाते हुए कैस्पर्स होम, पीपल फॉर एनिमल्स (पीएफए) और एसपीसीए के सदस्यों के साथ पीड़ित ने डीसीपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। वहां से मामले में एफआईआर दर्ज करने का आश्वासन मिलने की बात कही गई है।
कुत्तों को खाना खिलाने को लेकर हुआ विवाद
पीड़ित रवि चतुर्वेदी पुत्र स्वर्गीय सतीश चंद्र चतुर्वेदी, निवासी ए-314, राम रघु आनंदा फेज-2, आगरा ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि भावना एस्टेट स्थित सोसायटी के सामने टी-पॉइंट पर उनका कैफे संचालित है। आरोप है कि कुछ लोग वहां पहुंचे और कुत्तों को खाना खिलाने की बात को लेकर उनके साथ मारपीट एवं गाली-गलौज की। पीड़ित का दावा है कि हमले में उनका सिर फट गया और कैफे की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया गया। उन्होंने कैफे में हुए नुकसान का अनुमान एक लाख रुपये से अधिक बताया है। पीड़ित के अनुसार, घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध है, जिसमें कथित घटना दर्ज होने की बात कही गई है।
थाने में सुनवाई न होने का लगाया आरोप
रवि चतुर्वेदी ने आरोप लगाया कि घटना के बाद जब वह सिकंदरा थाने पहुंचे तो उनसे कथित तौर पर कहा गया कि जानलेवा हमले का उल्लेख किए बिना ही एफआईआर लिखी जाएगी। इसके बाद उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत करने का निर्णय लिया।
प्रार्थना पत्र में मोनू यादव, जीतू यादव उर्फ अन्ना और रामू यादव सहित कुछ लोगों के नाम दर्ज कराए गए हैं। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है और दोबारा मारपीट करने की धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
पशु कल्याण संगठनों ने की कार्रवाई की मांग
पीड़ित के समर्थन में कैस्पर्स होम, पीएफए और एसपीसीए के सदस्यों ने डीसीपी कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की। शिकायत में कथित मारपीट, आपराधिक धमकी, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और अन्य संबंधित आरोपों का उल्लेख किया गया है। साथ ही, कुत्तों को नुकसान पहुंचाने से संबंधित आरोपों की भी जांच कराने की मांग उठाई गई।
इस अवसर पर कैस्पर्स होम की संचालिका विनीता अरोरा, पीएफए से ऋचा गुप्ता और राम अवतार, एसपीसीए से विनोद गर्ग आचार्य, कैस्पर्स होम से सुरेखा पसरीचा और के. बग्गा, पीड़ित रवि चतुर्वेदी एवं गीता चतुर्वेदी तथा हाथरस एसपीसीए से दिव्यांश शर्मा और अलीशा शर्मा मौजूद रहे।
पीड़ित पक्ष ने पुलिस से उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने और भविष्य में किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन