: आगरा के औद्योगिक विकास को पंख लगाने की तैयारी, ये 6 बातें बनेंगी आधार
Sat, Nov 30, 2024
आगरा। 29 नवंबर 2024 को जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक होटल मधुश्री में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने की, जो अपनी कुशल नेतृत्व शैली और उद्यमियों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण के लिए प्रसिद्ध हैं। बैठक में राकेश गर्ग अध्यक्ष, लघु उद्योग निगम की उपस्थिति ने इसे और अधिक प्रभावशाली बनाया।
लघु उद्योग भारती, आगरा के तत्वाधान में आयोजित इस बैठक में विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़े उद्यमियों की समस्याओं और सुझावों पर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी महोदय ने उद्योग बंधु के एजेंडे के प्रत्येक बिंदु को गहनता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्यवाही के लिए स्पष्ट निर्देश दिए।
महत्वपूर्ण निर्णय
चार पुलिया से केके नगर तक के मार्ग पर नगर निगम आगरा को शीघ्र कार्यवाही के निर्देश।
औद्योगिक क्षेत्रों में अतिक्रमण पर कार्रवाई और निगरानी बढ़ाने के आदेश।
रामबाग चैराहे पर ट्रैफिक व्यवस्था सुधार के लिए एसीपी छत्ता को उद्यमियों के साथ बैठक कर समाधान की योजना बनाने का निर्देश।
मछली पुलिया (हाथरस रोड) की सड़क डिजाइनिंग में सुधार के लिए पी.डब्ल्यू.डी. को त्वरित कदम उठाने का निर्देश।
फाउण्ड्री नगर के विद्यापुरम औद्योगिक क्षेत्र में 25 स्ट्रीट लाइट्स एक सप्ताह के भीतर लगाने का आदेश।
सिकंदरा औद्योगिक क्षेत्र में बिजली ट्रिपिंग की समस्या के समाधान हेतु दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के अधिकारियों को आगामी बैठक में तकनीकी जानकारी सहित उपस्थित रहने का निर्देश।
जिलाधिकारी महोदय ने स्पष्ट शब्दों में सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्यमियों की समस्याओं का समाधान समयबद्ध और प्रभावी तरीके से किया जाए।
नए निवेशकों को प्रोत्साहन
बैठक में नए निवेशकों की समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया गया। जिलाधिकारी महोदय ने डीसी, जिला उद्योग केंद्र को निर्देश दिया कि उत्तर प्रदेश सरकार के साथ एमओयू साइन करने वाले निवेशकों की प्रोत्साहन योजनाओं और समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उद्यमियों की सक्रिय भागीदारी
इस बैठक में आगरा जिले के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों जैसे फाउंड्री नगर, सिकंदरा, रामबाग और पांडे नगर के उद्यमियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। लघु उद्योग भारती, आगरा के जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता, महासचिव राजीव बंसल, प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल, दिनेश गुप्ता, अरविंद शुक्ला, संजीव जैन, सौरभ गुप्ता, अंकुर अग्रवाल और प्रमुख सदस्यगणों ने उद्यमियों के मुद्दों को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया।
विजय गुप्ता ने उद्यमियों के प्रति अपने प्रतिबद्धता और दृष्टिकोण को रेखांकित करते हुए कहा कि हमारे उद्देश्य उद्योगों को मजबूती और समाधान प्रदान करना है। लघु उद्योग भारती सदैव उद्यमियों के साथ खड़ी है और उनकी आवाज को जिला प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाती रहेगी।
जिलाधिकारी महोदय ने उद्योग विभाग, नगर निगम, च्ॅक्, और विद्युत विभाग सहित सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे उद्यमियों के साथ संवाद स्थापित करते हुए उनके लिए व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत करें। यह बैठक जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी के नेतृत्व में एक सकारात्मक और प्रेरणादायक पहल के रूप में समाप्त हुई। सभी उपस्थित उद्यमियों ने जिलाधिकारी और राकेश गर्ग जी के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।
: मीट एट आगरा बना 18 हज़ार करोड़ के कारोबारी बुनियाद का गवाह
Sun, Nov 10, 2024
18233 विजिटर्स ने फुटवियर उद्योग के समागम में सहभागिता से ऐतिहासिक बना तीन दिवसीय फेयर
आखरी दिन एग्जीबिटर्स की विदाई के बीच सामने आये कारोबार के उत्साहजनक आंकड़े
आगरा। आगरा फुटवियर मैन्युफैक्चरिंग एक्सपोर्टर्स चैम्बर्स (एफमेक) द्वारा आगरा ट्रेड सेंटर में आयोजित ‘मीट एट आगरा’ के 16वें संस्करण का अंतिम दिन रविवार को कई मायनों में खास रहा। फेयर के दौरान प्रस्तुत आंकड़ों ने जूता उद्योग के उज्ज्वल भविष्य की ओर संकेत दिए।
एफमेक के अध्यक्ष पूरन डावर ने मीडिया से बातचीत में बताया कि इस वर्ष ‘मीट एट आगरा’ के तीनों दिनों में कुल 19,144 विजिटर्स ने शिरकत की। इनमें 5,187 रजिस्टर्ड बिजनेस विजिटर्स थे। इसके अलावा, बिजनेस मैनेजमेंट के 3,740 छात्र भी फेयर में शामिल हुए, जिन्होंने जूता उद्योग की बारीकियों को समझा और इसे भविष्य में एक संभावित उद्यम के रूप में देखा। जहां तक संभावित कारोबार का सवाल है, इस फेयर में लगभग 18,000 करोड़ रुपये के व्यापार की नींव रखी गई, जो हमारे लिए बेहद उत्साहजनक है। एफमेक अध्यक्ष ने कहा कि फेयर ने अपने उद्देश्यों को पहले की तरह पूरी तरह से सफलतापूर्वक पूरा किया है।
नेशनल चेंबर के अध्यक्ष अतुल गुप्ता ने इस मौके पर कहा कि आगरा के औद्योगिक विकास के लिए इस प्रकार के आयोजन मील का पत्थर साबित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल आगरा के जूता उद्योग को बढ़ावा देते हैं, बल्कि स्थानीय उद्यमियों और उद्योग से जुड़े लोगों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर भी प्रदान करते हैं। एफमेक का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है, क्योंकि यह आगरा के उद्योग को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के साथ-साथ देश-विदेश में इसकी एक मजबूत पहचान स्थापित कर रहा है। इस प्रकार के आयोजन औद्योगिक विकास के लिए प्रेरणा स्रोत हैं और भविष्य में भी आगरा के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
अगले वर्ष के "मीट एट आगरा" आयोजन की तिथियों की घोषणा
ऑर्गनाइजिंग कमेटी के चेयरमैन गोपाल गुप्ता ने अगले वर्ष के "मीट एट आगरा" फेयर की तिथियों की घोषणा की। उन्होंने बताया कि एग्जीबिटर्स के बीच एक सर्वेक्षण किया गया, जिसके आधार पर 2024 के इस प्रमुख व्यापारिक आयोजन के लिए तिथियाँ 7, 8 और 9 नवंबर निर्धारित की गई हैं।
दुनिया भर के व्यापारियों के लिए एक महत्वपूर्ण आयोजन है
एफमेक के कन्वीनर कैप्टन ए.एस. राणा ने इस अवसर पर कहा कि "मीट एट आगरा" फेयर केवल आगरा के लिए ही नहीं, बल्कि देश और दुनिया भर के व्यापारियों के लिए एक महत्वपूर्ण आयोजन है। इस फेयर में लेदर, फुटवियर कंपोनेंट्स और टेक्नोलॉजी से जुड़े उत्पादों की प्रदर्शनी होती है, जिसमें विभिन्न देशों के कारोबारी भाग लेते हैं। उन्होंने बताया कि फेयर की तिथियों को अंतिम रूप देने से पहले, उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि वे अन्य देशों में आयोजित होने वाले प्रमुख व्यापारिक आयोजनों की तिथियों को ध्यान में रखें ताकि दुनिया भर से अधिक से अधिक कारोबारी इस फेयर में भाग ले सकें और यह आयोजन वैश्विक व्यापार के लिए एक प्रमुख प्लेटफॉर्म बन सके।
आगरा रेडीमेड गारमेंट्स ट्रेडर्स एंड मैन्युफैक्चरर एसोसिएशन के अध्यक्ष आरके नय्यर ने कहा कि यह फेयर केवल जूता उद्योग को नहीं, बल्कि अन्य उद्योगों को भी प्रोत्साहित करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से औद्योगिक क्षेत्र में नए अवसरों का सृजन होता है और व्यापारिक संभावनाओं का विस्तार होता है। नय्यर ने इस बात पर जोर दिया कि आगरा के विकास और आर्थिक उन्नति के लिए विभिन्न क्षेत्रों के उद्यमियों को मिलकर सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता है। अगर सभी उद्योग और व्यवसाय एकजुट होकर इस दिशा में काम करें तो इससे पूरे क्षेत्र का आर्थिक विकास संभव है, जिससे विभिन्न सेक्टरों में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
"मीट एट आगरा" भारतीय उद्योगों के लिए वैश्विक मंच बन चुका है
आगरा शूज़ मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (आस्मा) के अध्यक्ष ओपिंदर सिंह लवली ने "मीट एट आगरा" फेयर के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यह आयोजन हर साल भारतीय उद्योगों को वैश्विक बाजार में पहचान दिलाने का एक अहम अवसर बन चुका है। उन्होंने कहा कि "मीट एट आगरा" न केवल आगरा, बल्कि दुनिया भर के फुटवियर उद्योगों के लिए एक महत्वपूर्ण व्यापारिक मंच साबित हो रहा है। इस फेयर में विभिन्न देशों के व्यापारी और उद्यमी एकत्र होते हैं, जो नए व्यापारिक संबंध स्थापित करने और अपने नेटवर्क को विस्तार देने के लिए इस मंच का लाभ उठाते हैं।
फुटवियर उद्योग के लिए वैश्विक अवसर
एफमेक के प्रदीप वासन ने इस बात को रेखांकित किया कि "मीट एट आगरा" फेयर भारतीय फुटवियर उद्योग को अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पहचान बनाने का एक अनूठा अवसर प्रदान करता है। इस फेयर के माध्यम से भारतीय निर्माता और व्यापारी वैश्विक खरीदारों से संपर्क कर अपनी उत्पादों का प्रदर्शन करते हैं, जिससे व्यापार के नए अवसर पैदा होते हैं और उद्योग का विकास होता है।
लेदर, इनोवेटिव प्रोडक्ट्स ओर मशीनरी में बेस्ट प्रजेंटेशन के लिए दिया अवार्ड
लेदर, इनोवेटिव प्रोडक्ट्स और मशीनरी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए चार एग्जीबिटर्स को फेयर के अंतिम दिन अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार एफमेक के अध्यक्ष पूरन डावर और नेशनल चेंबर के अध्यक्ष अतुल गुप्ता द्वारा प्रदान किए गए।
इनको मिला अवार्ड :
लेदर प्रोडक्ट्स कैटेगरी -
कपिल मगन (अमर नाथ एंड संस)
इनोवेटिव कम्पोनेंट्स कैटेगरी -
विवेक कुमार (इंटरकॉम एसकेआई मैन्युफैक्चरिंग)
इनोवेटिव मशीनरी कैटेगरी -
कपिल धवन (पायनियर टेक)
इनोवेटिव प्रोडक्ट्स कैटेगरी -
सुनील गुप्ता (संदीप रबर इंडस्ट्रीज)
इन सभी विजेताओं को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
शाम तक आते रहे विजिटर्स
दूसरे अंतिम दिन सुबह से लेकर देर शाम तक लगातार विज़िटर्स का आना जारी रहा, न सिर्फ फैक्ट्री ऑनर्स ने इस आयोजन में सिरकत की वल्कि भविष्य की उद्यमियों ने भी इस एग्जिविशन में हिस्सा लिया। ऐसा लग रहा था इस आयोजन में सहभागिता के मौके को इंडस्ट्री से जुड़ा कोई भी कारोबारी चूकना नहीं चाहता था।
आकड़े जो आये सामने
कुल एग्जीबिटर्स -200
विजिटर्स की सहभगिता - 19144
रजिस्टर्ड बिजिनेस विजिटर्स - 5187
भविष्य के उद्यमी - 3740
कुल संभावित कारोबार लगभग - 18 हजार करोड़ रूपये
मुख्य रूप से हुए शामिल
इस दौरान एफमेक के कुलदीप गुजराल, सीएलई के सहायक निदेशक आरके शुक्ला आदि विशेष रूप से मौजूद रहे।
: मीट एट आगरा में सजा फुटवियर कम्पोनेंट्स एंड मशीनरी की आधुनिक और रचनात्मकता दुनियां का बाज़ार
Sat, Nov 9, 2024
उद्घाटन के अवसर पर बोले अतिथि: "अर्धव्यवस्था में बड़ी भूमिका निभा रहा है यह फुटवियर सेक्टर"
पहले दिन 5722 विजिटर्स और 1740 रजिस्टर्ड बिजनेस विजिटर्स ने किया प्रतिभाग"
आगरा। फुटवियर कम्पोनेंट्स एंड मशीनरी की आधुनिक और रचनात्मकता दुनियां, किस तरह भारतीय जूता अपनी नवीनतम तकनीक और क्वालिटी के दम पर वर्ल्ड लीडर बनाने की राह में आगे बढ़ रहा है, कुछ ऐसी उत्साहजनक बातों के बीच एफमेक द्वारा आगरा ट्रेड सेंटर में आयोजित ‘मीट एट आगरा ’ के 16वें संस्करण का शुक्रवार को उद्घाटन आगरा ट्रैड सेंटर पर हुआ। उद्घाटन मुख्य अतिथि लघु उद्योग निगम के चेयरमैन राकेश गर्ग, लेदर सेक्टर स्किल कॉउंसिल के चेयरमैन मुख्तारुल अमीन, प्रिंसिपल कमिश्नर इनकम टैक्स एस. नैयर अली नजमी, स्टेट जीएसटी के एडिशनल कमिश्नर मारुति शरण चौबे, जॉइंट कमिश्नर इंडस्ट्री अनुज कुमार, एमएसएमई के संयुक्त निदेशक आरके भारती और एफमेक अध्यक्ष पूरन डावर, फेयर ऑर्गनाइजिंग कमेटी के चेयरमैन गोपाल गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन मुख्य अतिथि लघु उद्योग निगम के चेयरमैन राकेश गर्ग ने कहा कि, 'हमारे देश में लघु उद्योग क्षेत्र हमेशा से आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। इस प्रकार के आयोजन न केवल उद्योगों को एक मंच प्रदान करते हैं, बल्कि नवाचार, विकास और कौशल निर्माण में भी सहायक होते हैं। लघु उद्योग निगम इस दिशा में सरकार की योजनाओं को लागू करने में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। हमें इस अवधारणा को समझना होगा कि यदि उद्योगों का विकास होगा तो देश का समग्र विकास संभव है। उद्योगों की समृद्धि सीधे तौर पर देश की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने में योगदान देती है। आगरा के लेदर क्लस्टर ने इस बात को लगातार साबित किया है कि जब स्थानीय उद्योगों को सही मार्गदर्शन और समर्थन मिलता है, तो वे न केवल अपनी सीमा तक बल्कि राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी महत्वपूर्ण योगदान कर सकते हैं।
लेदर सेक्टर स्किल कॉउंसिल के चेयरमैन मुख्तारुल अमीन ने कहा कि मीट एट आगरा अपने आयोजन के उद्देश्य में लगातार नहीं सफलता पा रहा है ख़ुशी की बात है कि यह आयोजन जब शुरू हुआ था तब इसका स्वरुप रीजनल था फिर नेशनल हुआ, आज यह फेयर इंटरनेशनल बन गया है।
"एफमेक अध्यक्ष पूरन डावर ने कहा कि 'कंपोनेंट्स की दृष्टि से हमें जूता उद्योग को और मजबूत करना होगा। मुझे लगता है कि इसके लिए हमें अपनी उत्पादन क्षमता और गुणवत्ता दोनों को बढ़ाना होगा। हालांकि, आज देश में बड़े पैमाने पर यह प्रयास हो रहे हैं, और आगरा भी इसमें पीछे नहीं है। यहां उत्पादन अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप हो रहा है।' उन्होंने आगे कहा, 'हमारे लिए यह जरूरी है कि हम आगे बढ़ें और भविष्य के लिए बड़ा लक्ष्य निर्धारित करें। तीन साल में 5% या 10% वृद्धि का लक्ष्य तो ठीक है, लेकिन असल में हमारा लक्ष्य कहीं बड़ा होना चाहिए – हमें इसे दुगना करने की दिशा में काम करना होगा। सिर्फ चमड़े के जूते बनाने तक सीमित नहीं रहना है। हमें स्पोर्ट्स शूज, स्नीकर, एथलेटिक शूज, और विशेष प्रकार के स्पोर्ट्स शूज जैसे फुटबॉल, गोल्फ, क्रिकेट आदि के विकल्प भी विकसित करने होंगे। साथ ही, सेफ्टी शूज और अन्य संबंधित उत्पादों की भी आज भारी मांग है। इस बदलाव को अपनाना और वैश्विक बाजार में अपनी पहचान बनाना हमारे लिए महत्वपूर्ण है।'"
ताइवान के प्रतिनिधि मंडल ने जताया आभार
इस वर्ष मीट एट आगरा में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 35 देशों का प्रतिनिधित्व है। जिसमें ताइवान, जर्मनी, ब्राजील, स्पेन, इटली, चीन और यूनाइटेड किंगडम जैसे देशों के विशेष प्रतिनिधि मंडल इस फेयर में भाग ले रहे हैं। उद्घाटन के अवसर पर, ताइवान के प्रतिनिधि मंडल ने मंच से अपने साथ लाए गए 'धन्यवाद' बैनर को प्रदर्शित करते हुए, फेयर में आमंत्रित करने के लिए भारत और एफमेक का आभार व्यक्त किया।"
टर्नओवर के आधार पर इनको मिला एक्सीलेंस अवार्ड
उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए गत वर्ष के टर्नओवर के आधार पर पांच समूहों को "एक्सीलेंस अवार्ड" से सम्मानित किया गया। जिन्होंने अपने कार्यक्षेत्र में विशेष उपलब्धियां हासिल की हैं, जिससे उद्योग में प्रतिस्पर्धात्मकता और गुणवत्ता को बढ़ावा मिला है।
एक्सीलेंस इन फुटवियर एक्सपोर्ट्स
• गोपाल गुप्ता - गुप्ता एच.सी. ओवरसीज
• अजित कलसी - मेट्रो एंड मेट्रो
• गौतम मेहरा - लाइनर शूज
एक्सीलेंस इन फुटवियर कंपोनेंट्स
• अमन गुप्ता - कैप्सटन रबर इंडिया
• कपिल पलवर - डीएसएम सोल प्रोडक्ट्स
पहले दिन आकड़े जो आये सामने
कुल विजिटर्स की सहभगिता - 5722
रजिस्टर्ड बिजिनेस विजिटर्स - 1740
महत्वपूर्ण बातें
• 7200 वर्ग मीटर से अधिक के क्षेत्र में लगी एग्जीबिशन
• 200+ प्रदर्शक
• 35+ देशों की भागीदारी
• 6000+ संभावित ट्रेड विजिटर्स
• 20,000+ संभावित फुटफॉल
शाम तक आते रहे विजिटर्स
पहले दिन सुबह से लेकर देर शाम तक लगातार विज़िटर्स का आना जारी रहा, न सिर्फ फैक्ट्री ऑनर्स ने इस आयोजन में सिरकत की वल्कि भविष्य की उद्यमियों ने भी इस एग्जिविशन में हिस्सा लिया। ऐसा लग रहा था इस आयोजन में सहभागिता के मौके को इंडस्ट्री से जुड़ा कोई भी कारोबारी चूकना नहीं चाहता था।
मुख्य रूप से रहे मौजूद
इस मौके पर एफमेक के एफमेक के कन्वीनर कैप्टन ए.एस. राणा, महासचिव राजीव वासन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश सहगल, एफमेक के सचिव ललित अरोड़ा, प्रदीप वासन, सुधीर गुप्ता, सीएलई के सहायक निदेशक आरके शुक्ला, इफ्कोमा अध्यक्ष संजय गुप्ता, महासचिव दीपक मंनचदा, एफएएफएम के अध्यक्ष कुलदीप सिंह कोहली, ओपिंदर सिंह लवली, प्रदीप वासन, एफएएफएम के अध्यक्ष कुलदीप कोहली, महासचिव नकुल मनचंदा, रोमी मगन, आस्मा के अध्यक्ष उपेंद्र सिंह लवली आदि विशेष रूप से मौजूद रहे।